ओपी चौधरी ने वीडियो जारी कर घर-घर दिया न्यौता

ओपी चौधरी ने वीडियो जारी कर घर-घर दिया न्यौता

Lochan Gupta
3 Min Read

रायगढ। जनजातीय गौरव दिवस पर धरमजयगढ़ में होने वाले बड़े कार्यक्रम को लेकर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सोशल मंच में जारी वीडियो में सभी को जोहार करते हुए छत्तीसगढ़ी अंदाज में आत्मीय अपील की है। उन्होंने आम जनता से जनजातीय आयोजन महोत्सव में शामिल होने का अनुरोध किया है। दिवाली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज की बधाई देते कहा 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा बिरसा मुंडा की जयंती जनजातीय दिवस के रूप में मनाए जाने का निर्णय लिया है इसलिए पूरे देश में यह आयोजन किया जा रहा है।
ओपी चौधरी ने कहा कि यह हम सबके लिए बहुत सौभाग्य की बात है कि इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय नितिन नवीन जी धरमजयगढ़ की पावन धरती पर आ रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका छत्तीसगढ़ में पहला दौरा होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ देश की ही नहीं, दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है। छत्तीशगढ़ के सह प्रभारी रहते हुए नितिन नवीन जी ने ही भूपेश बघेल सरकार को सत्ता से उखाडक़र जनता को कांग्रेस के कुशासन से मुक्ति दिलाई थी। मात्र 46 साल की उम्र में वे दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं।

तैयारी स्थल से दिया संदेश

वीडियो में ओपी चौधरी कार्यक्रम स्थल से ही लोगों से बात करते नजर आए। उन्होंने बताया कि सांसद राधेश्याम राठिया, संभाग प्रभारी रामू रोहरा, भूपेंद्र सवन्नी, नरेश पांडा, सतीश बेहरा जी, जिला अध्यक्ष अरुण धर दीवान सहित सभी कार्यकर्ता तैयारी में जुटे हुए हैं। गांव-गांव में कार्यकर्ता लोगों तक निमंत्रण पहुंचा रहे हैं।

घर-घर का नेवता

छत्तीसगढ़ी में अपील करते हुए उन्होंने कहा मैं एक ही निवेदन करत हौं, सब जन ला हमर तरफ से नेवता है। घर-घर के नेवता है, सब झन ये कार्यक्रम में जरूर अइहा। वीडियो के अंत में उन्होंने जय भारत, जय छत्तीसगढ़, जय रायगढ़, जय धरमजयगढ़ और जय जोहार कहा और तैयारी स्थल का पूरा नजारा भी दिखाया। अंत में उन्होंने नारा लगाया भगवान बिरसा मुंडा अमर रहे।

Share This Article