गांव की स्नेहा पण्डा ने रचा इतिहास, 10वीं में 97.6 अंक किया अपने नाम

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। प्रतिभा और परिश्रम जब मिलते हैं, तो सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित होते हैं। इसे सच कर दिखाया है विकासखंड पुसौर के ग्राम लोहखान की होनहार बेटी स्नेहा पण्डा ने। श्री स्वामी नारायण गुरुकुल स्कूल एनटीपीसी लारा में अध्ययनरत स्नेहा ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएससी) की 10वीं की परीक्षा में 97.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय और अपने पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
स्नेहा पण्डा पिता अर्जुन कुमार पण्डा ग्रामीण क्षेत्र से ताल्लुक रखती हैं। स्नेहा पंडा ने अपनी इस शानदार उपलब्धि का श्रेय श्री स्वामी नारायण गुरुकुल स्कूल एनटीपीसी लारा के उच्च स्तरीय शैक्षणिक वातावरण और अपने गुरुजनों के मार्गदर्शन को दिया है। स्नेहा का मानना है कि स्कूल में मिलने वाले अनुशासन और शिक्षकों के सही दिशा-निर्देश ने उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

कड़ी मेहनत को बनाया मूलमंत्र

एक छोटे से गांव में रहते हुए स्नेहा ने नियमित अध्ययन और कड़ी मेहनत को अपना मूलमंत्र बनाया। उनकी इस सफलता पर उनके घर और पूरे लोहखान क्षेत्र में खुशी की लहर है। स्नेहा की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि यदि लगन सच्ची हो, तो ग्रामीण परिवेश के बच्चे भी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।

उज्ज्वल भविष्य की कामना

स्नेहा की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। सभी का मानना है कि स्नेहा आगे चलकर समाज और देश का नाम और भी अधिक गौरवान्वित करेंगी।

Share This Article