मेकाहारा से हत्या मामले का कैदी फरार

इलाज के लिए भर्ती था, 2 प्रहरी निलंबित

Gupta Lochan
2 Min Read

रायपुर। डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) से मंगलवार को एक उम्रकैद का कैदी फरार हो गया। कैदी की पहचान साहेब कुमार ताती (26) के रूप में हुई है, जो हत्या के मामले में सजा काट रहा था। वहीं, लापरवाही बरतने पर प्रहरी गोपी किशन कौशिक और प्रमोद कुमार सोनी को निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, साहेब कुमार ताती मूल रूप से बिहार के जमुई जिले का रहने वाला है। उसे रायपुर की विशेष अदालत ने धारा 103(1) और 109 बीएनएस के तहत आजीवन कारावास और 10 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई थी। वह 19 मार्च 2025 से लगातार जेल में निरुद्ध था। बताया जा रहा है कि, पिछले कुछ दिनों से उसकी तबीयत खराब चल रही थी। बेहतर इलाज के लिए जेल प्रबंधन ने मेकाहारा में भर्ती कराया था। अस्पताल में कैदी की निगरानी के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था। 24 मार्च को कैदी ने किसी बहाने से प्रहरियों का ध्यान भटकाया और मौका मिलते ही वार्ड से भाग निकला। घटना के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है और आसपास के इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है। फिलहाल, पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाल रही है।

Share This Article