शाह-डोभाल 28 को पहुंचेंगे, आईआईएम-नया रायपुर सील

डीजीपी-आईजी कॉन्फ्रेंस, पीएम 29 को आएंगे रायपुर

Gupta Lochan
2 Min Read

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल की मौजूदगी में 28 से 30 नवंबर तक नवा रायपुर स्थित आईआईएम परिसर में 60वां अखिल भारतीय डीजीपी-आईजी सम्मेलन होगा। स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) की टीम आज कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करेगी।
डीजीपी-आईजी कॉन्फ्रेंस को लेकर नया रायपुर सील रहेगा। आयोजन में किसी तरह की अव्यवस्था ना पड़े, इसलिए मंगलवार की दोपहर को छत्तीसगढ़ पुलिस के अधिकारियों ने सिविल लाइन स्थित डायल 112 के कंट्रोल रूम में फाइनल बैठक की। आज पुलिस की टीम सडक़ों पर रिहर्सल करेगी। वहीं 28 नवंबर से होने वाली 3 दिवसीय डीजीपी-आईजीपी कॉन्फ्रेंस में राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े अहम मसलों पर चर्चा होगी। खास जोर साइबर सिक्योरिटी, आतंकवाद विरोधी प्रयास, ड्रग्स नियंत्रण, साइबर सुरक्षा, और सीमा प्रबंधन को लेकर रहेगा। पहले दिन 2, दूसरे दिन 4 और तीसरे दिन 2 सेशन होंगे। इसमें देशभर के डीजीपी और आईजी शामिल होंगे।
एडीजी और आईजी को सुरक्षा की कमान
डीजीपी कॉन्फ्रेंस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य की जिम्मेदारी एडीजी दीपांशु काबरा, आईजी अमरेश मिश्रा को सौंपी गई है। वहीं राज्य पुलिस के साथ ही केंद्रीय फोर्स, इंटेलिजेंस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ का-र्डिनेशन करेंगे। साथ ही पूरी व्यवस्था को संभालेंगे। बता दें कि डीजी कान्फ्रेंस में देशभर के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश के 2 प्रमुख प्रतिनिधि (डीजीपी-आईजी) शामिल होंगे।
आईजी छाबड़ा, ओपी, धु्रव को यह जिम्मा
सभी अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आईजी छाबड़ा को भोजन व्यवस्था, ओपी पाल को आवास, ध्रुव गुप्ता को कंट्रोल रूम और अन्य अधिकारियों को परिवहन और अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी दी गई है। वीआईपी जहां भी ठहरेंगे, वहां कमांडेंट या एसपी रैंक के अधिकारियों को सुरक्षा प्रभारी बनाया गया है। 3 शिफ्ट में अधिकारियों की ड्यूटी रहेगी। आईआईएम में आईजी रैंक के अधिकारी तैनात रहेंगे।

Share This Article