बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पकड़ी एस.आई.आर. की कमान

एसआईआर प्रक्रिया में कार्यकर्ता कर रहे लोगों की मदद

Gupta Lochan
2 Min Read

रायपुर। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) को लेकर भाजपा ने चुनावी तैयारी तेज कर दी है। प्रदेश प्रवक्ता शताब्दी पाण्डेय ने भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में कहा कि चुनाव आयोग के मार्गदर्शन में सभी बीएलओ मतदाता सूची के शुद्धिकरण में जुटे हैं, वहीं भाजपा ने अपने बीएलए-2 की नियुक्ति सभी बूथों पर पूरी कर ली है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे पुनरीक्षण प्रक्रिया पर लगातार सुझाव देने और बीएलओ के साथ समन्वय बनाए रखने का काम करें।
प्रवक्ता पाण्डेय ने बताया कि भाजपा के पूर्व सांसद और एसआईआर प्रदेश प्रभारी जामयांग त्सेरिंग नामग्याल छह दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर हैं। वे पांचों संभागों में एसआईआर टीमों की बैठकों के जरिए मार्गदर्शन दे रहे हैं। उनके अनुसार चुनाव आयोग ने सभी दलों को एसआईआर न करते हुए हर विधानसभा स्तर पर सक्रिय है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर मतदाता सूची में नामों का दो बार मिलान, पात्र नागरिकों के नाम जोडऩे और दोहरे नाम हटवाने का काम कर रहे हैं। इससे बूथ समितियाँ और मजबूत होंगी। प्रवक्ता पाण्डेय के अनुसार एसआईआर के ये 100 दिन आने वाले वर्षों में प्रदेश के राजनीतिक भविष्य की दिशा तय करेंगे, क्योंकि भाजपा कार्यकर्ता परिश्रमी, अनुशासित और हर परिस्थिति के लिए तैयार रहते हैं।
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों में कांग्रेस के संरक्षण में गलत तरीके से मतदाता नाम जुड़े, और कई व्यक्तियों के नाम दो तीन जगह दर्ज करा दिए गए। यही कारण है कि कांग्रेस एसआईआर को लेकर भ्रम फैलाने में लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की आंतरिक कलह और जिला अध्यक्षों की नियुक्ति तक तय न कर पाने की स्थिति ने उसे बीएलए–1 और बीएलए–2 के नाम तय करने में भी नाकाम बना दिया है।

Share This Article