सरकारी अस्पताल में हो रही थी अमानक दवाईयों की सप्लाई

मंत्री बोले कार्रवाई करेंगे, लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, ओफ़्लॉक्सासिन ऑर्निडाज़ोल टैबलेट के इस्तेमाल पर सीजीएमएससी ने लगाई रोक

Gupta Lochan
2 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी अस्पतालों में अमानक दवाइयां मिलने के मामले ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मीडिया से चर्चा के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन (सीजीएमएससी) के सिस्टम में कई खामियां आ गई थी, जिन्हें सुधारने का काम सरकार ने शुरू कर दिया है। मंत्री ने कहा कि जो भी जांच या कार्रवाई की जा रही है, उसे जनता के सामने पारदर्शी रूप से रखा जाएगा। जायसवाल ने बताया कि अमानक दवाओं के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। जिन दवाओं में गुणवत्ता संबंधी खामियां पाई जा रही हैं, उन्हें तत्काल प्रभाव से बाजार से हटाया जा रहा है। सीजीएमएससी ने ‘ओफ़्लॉक्सासिन ऑर्निडाज़ोल टैबलेट’ के एक विशेष बैच पर रोक लगाने का आदेश जारी किया है। रायपुर स्थित ड्रग वेयरहाउस ने सभी सरकारी अस्पतालों को यह दवा उपयोग न करने के निर्देश दिए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने ओफ़्लॉक्सासिन ऑर्निडाज़ोल टैबलेट के बैच पर रोक लगा दी है। ड्रग वेयरहाउस ने सरकारी अस्पतालों को दवा का उपयोग नहीं करने का निर्देश दिए हैं। दवा वेयरहाउस भिजवाने के लिए भी कहा गया है। सीजीएमएससी दवा कंपनी पर कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है।

Share This Article