ड्रग्स तस्करों पर बड़ी कार्रवाई : एमडीएमएके सहित 3 तस्कर गिरफ्तार

शहर के बड़े क्लबों में ड्रग्स सप्लाई की कर रहे थे तैयारी

Gupta Lochan
3 Min Read

रायपुर। राजधानी पुलिस ने ड्रग्स तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एमडीएमए के साथ तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से कुल 28 ग्राम ड्रग्स बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपी रायपुर के नामचीन क्लब और होटलों में सप्लाई की तैयारी कर रहे थे। इनमें वीआईपी रोड और नया रायपुर, छेड़ीखेड़ी स्थित क्लबों में सप्लाई की तैयारी थी। गिरफ्तार आरोपियों में हरियाणा निवासी मोनू बिश्नोई, हर्ष आहूजा और दीप धनोरिया शामिल हैं। मामले का खुलासा एसएसपी डॉ. लाल उमेंद सिंह ने किया। पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय सप्लायरों और स्थानीय नेटवर्क के गठजोड़ को समाप्त करने के निर्देश दिए थे। इसी कड़ी में 23 अगस्त को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि गंज थाना क्षेत्र के देवेन्द्र नगर ओवरब्रिज के नीचे रेलवे स्टेशन जाने वाली सडक़ पर कुछ लोग चारपहिया वाहन में ड्रग्स (एमडीएमए) लेकर बैठे हैं और इसे बिक्री के लिए ले जा रहे हैं। जिसपर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सूचना के अनुसार चारपहिया वाहन सोनेट कार को चिन्हांकित किया। कार में सवार तीन व्यक्तियों से पूछताछ की गई, जिन्होंने अपना नाम हर्ष आहूजा, मोनू विश्नोई और दीप धनोरिया बताया। तलाशी के दौरान उनके पास ड्रग्स (एमडीएमए) बरामद हुए। इस दौरान कड़ाई से पूछताछ पर मोनू विश्नोई (निवासी ग्राम नंथला, थाना अगरूवा मोड़, जिला हिसार, हरियाणा) ने बताया कि उसने दिल्ली से ड्रग्स लेकर रायपुर आए और हर्ष आहूजा एवं दीप धनोरिया को उपलब्ध कराए। इसके अलावा, यह ड्रग्स रायपुर की एक स्थानीय महिला को सप्लाई करने के लिए मंगाई गई थी। प्रकरण में आरोपियों से विस्तृत पूछताछ कर फारवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच की जा रही है। तीनों आरोपियों के कब्जे से कुल 27.58 ग्राम ड्रग्स (एमडीएमए), सोनेट कार सीजी-04 क्यूजे-5466, नगदी 85,300/- रुपये, तौल मशीन और 5 मोबाइल फोन बरामद किए गए। जब्त माल की कुल कीमत लगभग 20 लाख रुपये है। आरोपियों के खिलाफ गंज थाना में धारा 21(सी), 29 नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article