छत्तीसगढ़ में सरकार लगाएगी 2 लाख 21 हजार 145 पौधे

एसएचजी करेगी निगरानी, हर महीने मिलेगी 9 हजार रुपए सैलरी

Gupta Lochan
4 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ की साय सरकार ‘वीमेन फॉर ट्रीज’ अभियान चलाएगी। इस अभियान के तहत प्रदेश में 2 लाख 21 हजार 145 पौधे लगाए जाएंगे। साय सरकार के इस अभियान का उद्घाटन करते हुए उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने आज रायपुर के कौशल्या विहार (कमल विहार) में किया।
इस अवसर पर डिप्टी सीएम साव ने कहा, कि कि पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना सभी का कर्तव्य है और हर नागरिक को अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए। कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष नंद कुमार साहू, विधायक मोतीलाल साहू और रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे भी उपस्थित थे। सभी ने कार्यक्रम स्थल पर पौधरोपण कर अभियान की शुरुआत की।
डिप्टी सीएम अरुण साव ने बताया, कि इस अभियान में स्वसहायता समूहों (स्॥त्र) की महिलाओं को जोड़ा गया है। चयनित स्थलों पर महिलाएं वृक्षारोपण करेंगी और पौधों की देखभाल एवं सुरक्षा की जिम्मेदारी भी लेंगी। वर्तमान में इस अभियान से 1701 समूहों की 2300 से अधिक महिलाएं जुड़ी हैं। उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा राज्य के नगरीय निकायों में वृक्षारोपण के लिए 444 परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। विधायक मोतीलाल साहू ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर देशभर में पौधारोपण अभियान लगातार चल रहा है। पर्यावरण संरक्षण और ग्लोबल वार्मिंग की चुनौतियों से निपटने में यह अभियान सहायक होगा। उन्होंने कहा कि ‘वीमेन फॉर ट्रीज’ अभियान को महिलाओं के माध्यम से प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा।
रायपुर में 60 स्थानों पर पौधारोपण
महापौर मीनल चौबे ने बताया कि रायपुर नगर निगम में अभियान के तहत 60 स्थानों पर पौधारोपण किया जाएगा। इसमें 232 महिला स्वसहायता समूहों की महिलाएं सक्रिय भूमिका निभाएंगी। उनका कहना था कि मातृ शक्ति ही इस अभियान को आगे बढ़ाएगी और यह महिलाओं को आर्थिक मजबूती के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान देने का अवसर देगा। शहरों में हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से शुरू किया गया यह अभियान भारत सरकार के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ कार्यक्रम से प्रेरित है। केन्द्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्रालय की पहल ‘अमृत मित्र’ के तहत स्वसहायता समूहों को प्रेरित किया गया है। मिशन अमृत 2.0 के अंतर्गत नगरीय निकायों में सरकारी भूमि, वाटर बॉडीज, आंगनबाड़ी, स्कूल, अस्पताल, उद्यान, सडक़ विभाजन और धार्मिक स्थलों पर वृक्षारोपण किया जाएगा।
169 नगरीय निकायों में चलेगा अभियान
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने प्रदेश के 169 नगरीय निकायों में कुल 2,21,145 पौधों के रोपण के लिए 684 परियोजनाओं के प्रस्ताव भेजे थे। इसमें से 444 परियोजनाओं को भारत सरकार ने स्वीकृत किया है, जिसके तहत 1,65,997 पौधे लगाए जाएंगे। प्रत्येक महिला को पौधों की देखभाल के लिए प्रतिमाह आठ हजार रुपए और जियो-टैगिंग एवं निगरानी कार्य हेतु एक हजार रुपए अतिरिक्त प्रदान किए जाएंगे। इससे महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त होने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान देंगी।

Share This Article