कंटेनर की चपेट में आने से महिला की मौत, पति घायल

बायसी कॉलोनी के पास हुआ हादसा

Gupta Lochan
2 Min Read

धरमजयगढ़। जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बुधवार को एक दुखद सडक़ हादसे में एक महिला की मौत हो गई। दोपहर हुई इस दुर्घटना में महिला का सर वाहन के नीचे बुरी तरह से दब गया। इस घटना के कुछ देर बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और सडक़ पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस मामले में मिली जानकारी के मुताबिक, यह हादसा धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम बायसी कॉलोनी के पास उस वक्त हुआ जब बाइक सवार दंपति धर्मजयगढ़ से अपना निजी काम निपटाकर वापस घर लौट रहे थे। तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार मालवाहक कंटेनर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना में एक 42 वर्षीय महिला रामदुलारी निवासी ग्राम बायसी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पति को मामूली चोटें आई हैं। इस दुर्घटना को लेकर गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर चक्का जाम कर दिया। इस दौरान पुलिस प्रशासन की समझाइश और पीडि़त परिवार को तात्कालिक राहत राशि देने की बात पर सहमति बनी। धर्मजयगढ़ पुलिस द्वारा मृतिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इस मामले में स्थानीय पुलिस आगे की पड़ताल में जुट गई है। इस मार्ग पर सडक़ दुर्घटना में लोगों के हताहत होने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं।

Share This Article