कोरबा। जिले में शुक्रवार की रात बीजेपी नेता, उसके भाई और भांजे समेत 20-25 लोगों ने कोल कारोबारी को धारदार हथियार से मार डाला। कोयला ट्रांसपोर्टिंग को लेकर 2 पक्षों में विवाद हुआ। इसके बाद खूनी झड़प हो गई है। इलाके में तनाव का माहौल है। मामला पाली थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक रोहित जायसवाल (36) की हत्या की गई है। रोहित के शरीर पर कई जगह कटने के निशान हैं। हत्या का मुख्य आरोपी रोशन सिंह ठाकुर है, जो पाली ब्लॉक का भाजपा मंडल अध्यक्ष है। वहीं आरोपियों को संरक्षण देने पर पाली थाना प्रभारी को लाइन अटैच कर दिया गया है। दरअसल, 28 फरवरी की रात 10 बजकर 30 मिनट में अपने 3 साथियों के साथ रोहित जायसवाल सरायपाली एसईसीएल के बुड़बुड़ खदान में कोयला लोड कराने आए थे, तभी आरोपी रोशन सिंह भी अपने, भाई और भांजे समेत 20-25 साथियों के साथ हथियारों से लैस पहुंचा। इस दौरान रोशन सिंह सरायपाली एसईसीएल खदान गेट के सामने विवाद करने लगा। विवाद इतना बढ़ा कि रोशन सिंह ने पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद साथियों ने भी धारदार हथियारों से रोहित को मारने लगे।वारदात के बाद रोहित के साथियों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया। रोहित जायसवाल और रोशन ठाकुर दोनों कोल ट्रांसपोर्टर्स हैं। इन दोनों के पास सरायपाली एसईसीएल बुड़बुड़ खदान में सी ग्रेड कोयला परिवहन करने की परमिट है, लेकिन रोशन ठाकुर ज्यादा पावरफुल है। खदान के अंदर लोगों से उसकी सेटिंग है। सी ग्रेड कोयले में कुछ अच्छा माल भी रहता है। ऐसे में रोशन ठाकुर खदान के अंदर मौजूद लोगों से साठ-गांठ कर अच्छे माल को अपनी गाडिय़ों में लोड कराता था। खराब माल रोहित जायसवाल के लिए बचवा देता है। इससे रोहित को नुकसान और रोशन को मुनाफा होता था। इसी को लेकर दोनों के बीच में विवाद चल रहा था।
मृतक के भाई अनिल जायसवाल ने बताया कि रोशन सिंह ठाकुर के गुट ने उनके भाई को मारा है। पिछले 6 महीने से विवाद चल रहा है। पहले भी मारपीट की गई थी। विवाद की शिकायत पाली थाने में की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अनिल जायसवाल ने एसईसीएल के सब एरिया मैनेजर पर भी रोशन सिंह के साथ मिलकर कोयले की हेरा-फेरी में शामिल होने का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद एसपी ने थाना प्रभारी विनोद सिन्हा को लाइन अटैच कर दिया है। युवराज तिवारी को नया थाना प्रभारी बनाया गया है, जबकि दर्री थाना प्रभारी का कार्यभार ललित चंद्रा को सौंपा गया है। वारदात से गुस्साए लोगों ने गाडिय़ों में तोड़-फोड़ की और पाली बंद करा दिया है। बड़ी तादाद में जिले की पुलिस पाली इलाके में तैनात है, ताकि कोई हिंसा न हो सके। घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिद्धार्थ तिवारी सहित कई थानों के प्रभारी मौके पर पहुंचे है। वहीं वारदात के बाद पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, बाकी आरोपियों ने खुद थाने में आकर सरेंडर कर दिया है। इन लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज हुआ है। वहीं फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी है। इन आरोपियों पर हुई नामजद एफआईआर हुई रोशन ठाकुर, गौरव सिंह ठाकुर, वासु ठाकुर, सौरभ श्रीवास, सुशांत ठाकुर उर्फ सीजू, संस्कार ठाकुर, मोंटी कश्यप, मुकेश श्रीवास, सुनील सागर, प्रभात दुबे, निलेश सिंह राज, कैलाश कैवर्त, अनिल मरावी उर्फ छोटू, मयंक सिंह ठाकुर, सूरज पासवान, सुरेंद्र सिंह चौहान के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है।
बीजेपी नेता ने कोयले की लड़ाई में कारोबारी को काटा
भाई-भांजा समेत 20-25 लोगों ने धारदार हथियार से मारा
