रायगढ़। खाद्य-औषधि प्रशासन विभाग 16 से 30 नवंबर तक ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ अभियान चला रहा है। इसके तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम जिले के होटल और ढाबों में जांच कर रही है। टीम ने अलग-अलग ढाबों से पनीर, मिक्स वेज, पकी हुई सब्जी, चावल समेत अन्य खाद्य सामग्री के सैंपल लिए हैं। इन्हें जांच के लिए लैब भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मंगलवार को टीम पुसौर रोड स्थित धरणी ढाबा-फैमिली रेस्टोरेंट पहुंची। यहां पूरे ढाबे की जांच की गई। टीम ने आलू की सब्जी, मिक्स वेज, पनीर और पके हुए चावल के सैंपल लिए। इसके अलावा टीम कठली रोड स्थित रौनक फैमिली ढाबा पहुंची। यहां से पनीर का नमूना लिया गया। वहीं, कोड़ातराई स्थित श्री साईं ढाबा और सिंह ढाबा में भी खाद्य सामग्री की जांच की गई। जांच के दौरान कई ढाबों में साफ-सफाई की कमी मिली। कुछ जगह ग्राहकों की सुविधा के लिए भी बेहतर व्यवस्था नहीं थी। इस पर टीम ने संचालकों को साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पेस्ट कंट्रोल कराने, खाने में रंगों का सीमित उपयोग करने, अखबार के कागज में खाद्य सामग्री नहीं रखने और एक ही तेल का बार-बार इस्तेमाल नहीं करने को कहा गया।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि 16 से 30 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत होटल, ढाबा, डेयरी और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की जाएगी। अभियान के पहले दिन से ही जांच शुरू कर दी गई है। संदेह के आधार पर खाद्य सामग्री के नमूने लेकर लैब भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अभियान का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित और अच्छी गुणवत्ता वाला भोजन उपलब्ध कराना है, ताकि होटल और ढाबों में ग्राहकों को खराब गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री न परोसी जाए।
ढाबों में खाद्य विभाग की जांच, कई खाद्य सामग्री के सैंपल लिए


