पुलिसकर्मी की बेटी पर एसिड अटैक, शरीर का दाहिना हिस्सा और आंख-चेहरा झुलसा

Gupta Lochan
2 Min Read

बालोद। जिले में पुलिसकर्मी की बेटी पर एसिड अटैक हुआ है। 22 साल की छात्रा आमापारा लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही थी, तभी सिंचाई कॉलोनी में एक युवक ने उस पर एसिड डाल दिया। एसिड से उसके शरीर का दाहिना हिस्सा और आंख-चेहरा बुरी तरह झुलस गया है।
उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया है। आरोपी युवक सीसीटीवी में भागते हुए नजर आया है। घटना बालोद थाना इलाके के आमापारा आत्मानंद स्कूल के सामने की है। जानकारी के मुताबिक छात्रा रू्र की पढ़ाई पूरी कर चुकी है। अभी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। सोमवार दोपहर 12:30 को वह लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही थी। इसी दौरान एक युवक ने उस पर एसिड डाल दिया। एसिड पड़ते ही छात्रा तेज जलन से चिल्लाने लगी। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार, छात्रा के शरीर का दाहिना हिस्सा बुरी तरह झुलस गया है। चेहरे और आंख के आसपास भी जली है। पीडि़ता बालोद शहर में पदस्थ एक पुलिसकर्मी की बेटी बताई जा रही है। घटना के बाद आरोपी युवक पैदल ही आमापारा केनाल की ओर फरार हो गया। सूचना मिलते ही टीआई, एसपी और एएसपी समेत प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। फिलहाल, पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि छात्रा पर हमला किस वजह से किया गया। आरोपी ने किस तरह के एसिड का इस्तेमाल किया।

Share This Article