निगम में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे कांग्रेस पार्षद

सडक़ बनने की नहीं मिली स्वीकृति, प्रतिदिन धरने पर बैठने ऐलान

Gupta Lochan
2 Min Read

रायपुर। शहीद हवलदार अब्दुल हमीद वार्ड के कांग्रेस पार्षद शेख मुशीर ने नगर निगम मुख्यालय में गांधी जी की प्रतिमा के नीचे अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। सडक़ निर्माण के लिए 11 लाख की मंजूरी नहीं मिलने से नाराज़ हैं। पार्षद शेख मुशीर का कहना है कि वे पिछले 11 महीनों से अपने वार्ड की सडक़ के लिए निगम के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला। सडक़ की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि आए-दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, इसके बावजूद निगम प्रशासन आंखें मूंदे बैठा है। धरने पर बैठे पार्षद ने ऐलान किया है कि, जब तक मौदहापारा के मुख्य मार्ग के डामरीकरण के लिए 11 लाख रुपए की राशि स्वीकृत नहीं होती, तब तक वे रोज सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक गांधी प्रतिमा के नीचे बैठकर विरोध दर्ज कराते रहेंगे। उनका कहना है कि यह सिर्फ एक सडक़ का मामला नहीं, बल्कि वार्ड के हजारों लोगों की सुरक्षा और सुविधा से जुड़ा सवाल है। धरने को समर्थन देने पहुंचे नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने नगर निगम प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि, 11 लाख रुपए की मंजूरी के लिए एक पार्षद को 11 महीनों तक भटकाया जा रहा है। इससे साफ है कि रायपुर नगर निगम की हालत कितनी बदतर हो चुकी है। अगर इतनी छोटी राशि भी स्वीकृत नहीं हो पा रही, तो शहर के बड़े विकास कार्यों का क्या हाल होगा?

Share This Article