नितिन नबीन के अध्यक्ष बनने पर भाजपा में जश्न

एकात्म परिसर में मना उत्सव,बीजेपी नेताओं ने की आतिशबाजी

Gupta Lochan
2 Min Read

रायपुर। भाजपा के प्रदेश प्रभारी एवं बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन के भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर छत्तीसगढ़ भाजपा में उत्साह और जश्न का माहौल देखने को मिला। भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर खुशी मनाई और एक-दूसरे को मिठाई खिलाई। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि नितिन नबीन का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना हम सभी के लिए गर्व और सम्मान की बात है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन ने एक कर्मठ, जमीनी और समर्पित कार्यकर्ता के रूप में संगठन में अपनी अलग पहचान बनाई है। वे युवा, ऊर्जावान और परिश्रमी नेता हैं, जिनके पास संगठनात्मक अनुभव का मजबूत आधार है। बिहार में विधायक और मंत्री के रूप में उन्होंने प्रभावी कार्य किया और जनाकांक्षाओं को पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ाया। किरण देव ने कहा कि प्रभारी नितिन नबीन के नेतृत्व और संगठन कौशल का लाभ छत्तीसगढ़ को भी मिला है। उनके मार्गदर्शन में प्रदेश में भाजपा ने विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज की और 54 सीटों के साथ मजबूत सरकार बनी। लोकसभा चुनाव में भी 11 में से 10 सीटों पर जीत हासिल हुई। इसके बाद नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में भी भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस का सूपड़ा साफ कर दिया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज पंचायत से लेकर संसद तक भाजपा का परचम लहरा रहा है। नितिन नबीन के कठोर परिश्रम, कार्यकुशलता और संगठनात्मक क्षमता का लाभ अब पूरे देश को मिलेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं की ओर से नितिन नबीन को कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर बधाई दी। कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, जिला प्रभारी राजेंद्र शर्मा, रायपुर ग्रामीण जिला प्रभारी सुरेंद्र पाटनी, जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share This Article