डीजीपी-आईजी कॉनफ्रेंस : शाह ने 3 थानों को किया सम्मानित

गाजीपुर थाने को बेस्ट पुलिस स्टेशन का अवॉर्ड, इंटरनल-सिक्योरिटी पर बनाएंगे रणनीति

Gupta Lochan
4 Min Read

रायपुर। नवा रायपुर में आईआईएम कैंपस में डीजीपी-आईजी कॉन्फ्रेंस में दिल्ली के गाजीपुर थाना को बेस्ट पुलिस स्टेशन का अवॉर्ड मिला। अंडमान और निकोबार के पहरगांव पुलिस स्टेशन को दूसरा और कर्नाटक के रायचूर जिले के कवितला पुलिस स्टेशन को तीसरा स्थान मिला। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने देश के टॉप-3 पुलिस स्टेशनों को सम्मानित किया। थानों का चयन कुल 70 से ज्यादा कैटेगरी आधारित पैरामीटर्स पर किया गया। इस दौरान मंच पर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, रॉ चीफ पराग जैन और आईबी चीफ तपन डेका भी मौजूद रहे।
वहीं गाजीपुर थाना के प्रभारी यू. बाला शंकरन ने बताया कि मूल्यांकन में थानों की साफ-सफाई, जनता से व्यवहार, अपराध निपटान की गति, लंबित मामलों की स्थिति, साइबर और महिला सुरक्षा जैसे पैमानों को शामिल किया गया था। डीजीपी-आईजी कॉन्फ्रेंस रात 8 बजे तक चली। देश की इंटरनल सिक्योरिटी, इंटेलिजेंस सिस्टम और भविष्य की स्ट्रेटेजी पर हाई-लेवल चर्चा हो रही है। वहीं पीएम नरेंद्र मोदी रात रायपुर पहुंचेंगे और कॉन्फ्रेंस में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री को नए स्पीकर हाउस रू-1 में ठहराया जाएगा, जबकि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह वित्त मंत्री आवास रू-11 में ठहरे हैं। डीजीपी-आईजी कॉन्फ्रेंस में देशभर से लगभग 600 अधिकारी और व्हीआईपी इस कार्यक्रम में मौजूद हैं। इस बार सम्मेलन में पहली बार एसपी रैंक के अधिकारी भी शामिल हुए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत माना एयरपोर्ट का अराइवल गेट तीन दिनों के लिए आम यात्रियों के लिए बंद कर दिया गया है। यात्री गेट-2 का उपयोग कर सकते हैं। इसके अलावा, सम्मेलन के दौरान नया रायपुर में भारी वाहनों की एंट्री पर भी प्रतिबंध है। डीजी-आईजी सम्मेलन के दौरान वीवीआईपी को आने-जाने में किसी तरह की रुकावट न हो, इसलिए नवा रायपुर क्षेत्र में मध्यम और भारी वाहनों की एंट्री बैन की गई है।
प्रधानमंत्री एम-1 और केंद्रीय गृहमंत्री एम-11 में ठहरेंगे। नए सर्किट हाउस में एनएसए अजीत डोभाल, डिप्टी एनएसए अनीश दयाल सिंह, आईबी चीफ तपन डेका, केंद्रीय गृह सचिव और दोनों केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के ठहरने की व्यवस्था की गई है। सर्किट हाउस में 6 सूइट और 22 कमरे बुक किए गए हैं। ठाकुर प्यारेलाल संस्थान में 140 कमरे और निमोरा अकादमी में 91 कमरे बुक हैं। इस कार्यक्रम में 33 राज्यों से आने वाले डीजीपी, पैरामिलिट्री फोर्स के 20 डीजी/एडीजी समेत 75 पुलिस अधिकारी ठहरेंगे।
डीजीपी-आईजी कॉन्फ्रेंस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य जिम्मेदारियां एडीजी दीपांशु काबरा और आईजी अमरेश मिश्रा को सौंपी गई हैं। राज्य पुलिस के साथ ही केंद्रीय फोर्स, इंटेलिजेंस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय (को-आर्डिनेशन) की जिम्मेदारी भी इन्हीं के पास होगी। सभी अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आईजी छाबड़ा को भोजन व्यवस्था, ओपी पाल को आवास, ध्रुव गुप्ता को कंट्रोल रूम और अन्य अधिकारियों को परिवहन और अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी दी गई है। वीआईपी जहां ठहरे हैं, वहां कमांडेंट या एसपी रैंक के अधिकारियों को सुरक्षा प्रभारी बनाया गया है। 3 शिफ्ट में अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। आईआईएम में आईजी रैंक के अधिकारी भी तैनात किए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक महीने में यह दूसरा छत्तीसगढ़ दौरा होगा। इससे पहले, 1 नवंबर को वे राज्य स्थापना दिवस पर रायपुर पहुंचे थे, जहां उन्होंने सत्य साईं संजीवनी अस्पताल में बच्चों से मुलाकात की। आदिवासी संग्रहालय का उद्घाटन किया और राज्योत्सव में हिस्सा लिया था।

Share This Article