आईपीएस डांगी उत्पीडऩ केस में नया मोड़

पापा को भी इसी तरह बदनाम किया

Gupta Lochan
2 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस के सीनियर आईपीएस अधिकारी रतनलाल डांगी पर यौन उत्पीडऩ के आरोप लगे हैं। इस केस में अब एक नया मोड़ आ गया है। जिस योग शिक्षिका ने आईजी डांगी पर यौन उत्पीडऩ का आरोप लगाया है, उसके परिजनों (दीदी-जीजा) ने बहन को ही गलत ठहराया है। मीडिया से बातचीत में शिकायतकर्ता महिला की बड़ी बहन ने आईपीएस डांगी पर छोटी बहन की ओर से लगाए गए आरोपों को झूठा बताया। उन्होंने कहा कि उसकी छोटी बहन बचपन से ही ऐसी है। वह पहले भी पापा और मेरे पति को इसी तरह बदनाम कर चुकी है। वहीं, जिस महिला ने यौन उत्पीडऩ का आरोप लगाया था, उसका एक ऑडियो भी सामने आया है, जिसमें वह खुद इन बातों से इनकार करती सुनाई दे रही है।
शिकायतकर्ता महिला की बड़ी बहन ने बताया कि जब वो नाबालिग थी, तब भी कई बार अलग-अलग लडक़ों के साथ घर छोडक़र चली गई थी। उनका दावा है कि उनकी छोटी बहन की वजह से परिवार टूट गया। परिजनों का कहना है कि महिला का व्यवहार पहले से संदिग्ध रहा है और वह धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग जैसे मामलों में पहले भी शामिल रह चुकी है। जीजा ने बताया कि वह कई बार पारिवारिक विवादों में झूठे आरोप लगाकर पैसे की मांग करती थी। उन्होंने कहा अब उसने एक ईमानदार अधिकारी को निशाना बनाया है। हमारे पास उसके पुराने केस के दस्तावेज और बयान मौजूद हैं। जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता महिला के खिलाफ भी कई पुरानी शिकायतें सामने आई हैं, जिन्हें अब जांच में शामिल किया जा सकता है। इस बीच, शिकायतकर्ता महिला का एक ऑडियो सामने आया है, जिसमें वह खुद यौन उत्पीडऩ की बात से इनकार करती सुनाई दे रही है। ऑडियो में वह किसी युवक से बातचीत कर रही है।

Share This Article