रायपुर हिट एंड रन केस : पुलिसकर्मी को टक्कर मारकर पलटी कार

चेकिंग से बचने लडक़ों ने दौड़ाई कार, पुलिसकर्मी का टूटा पैर

Gupta Lochan
3 Min Read

रायपुर। राजधानी में एक हिट एंड रन का मामला सामने आया है। 15 अक्टूबर की रात व्हीआईपी रोड में ड्रिंक एंड ड्राइव चेकिंग से बचने के लिए कार सवार लडक़ों ने ट्रैफिक पुलिसकर्मी को टक्कर मार दी। जिससे पुलिसकर्मी का पैर टूट गया। मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। एक्सीडेंट के बाद लडक़े मौके से फरार होने के लिए आगे बढ़े लेकिन तभी डिवाइडर से टकराकर उनकी कार पलट गई। जिसमें एक लडक़ा बुरी तरह घायल हो गया। इस मामले में तेलीबांधा पुलिस ने 2 आरोपी लडक़ों को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक पब से पार्टी करके वापस लौट रहे थे। इसमें एक युवक के पिता मंत्रालय में अधिकारी के पोस्ट पर है। फिलहाल इस मामले में पुलिस एफआईआर दर्ज कर रही है।
यह पूरा मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र के राम मंदिर चौक के पास का है। तेलीबांधा थाना प्रभारी नरेन्द्र मिश्रा से मिली जानकारी के मुताबिक, ट्रैफिक पुलिस बुधवार (15 अक्टूबर) को व्हीआईपी रोड में ड्रिंक एंड ड्राइव चेकिंग अभियान चला रही थी। इस दौरान राम मंदिर के पास बैरिकेडिंग की गई थी। तभी एक कार व्हीआईपी रोड की तरफ से तेज रफ्तार में शहर की ओर आ रही थी। रात करीब साढ़े 12 बजे ड्रिंक एंड ड्राइव चेकिंग के लिए जब ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने उसे रुकवाने की कोशिश की। तो कार में सवार सिद्धांत दान और आदित्य चौधरी ने गाड़ी रोकने की बजाय रफ्तार बढ़ा दी। जिससे कार बैरिकेड से टकराते हुए ट्रैफिक पुलिसकर्मी को अपनी चपेट में ले लिया।
इस एक्सीडेंट में ट्रैफिक पुलिसकर्मी हेम कुमार पटेल की टांग टूट गई है। वह घायल होकर सडक़ किनारे गिर गए। इस एक्सीडेंट के बाद लडक़ों ने कार समेत भागने की कोशिश की। लेकिन गाड़ी डिवाइडर से टकराकर सडक़ पर पलट गई। वहां मौजूद अन्य लोगों ने ट्रैफिक पुलिस करने को अस्पताल पहुंचाया। वहीं कार के भीतर मौजूद लडक़ों को भी बाहर निकाला गया। जानकारी के मुताबिक, युवक पार्टी करके पब से वापस लौट रहे थे। ड्रिंक एंड ड्राइव की चेकिंग से बचने के लिए वह भागते समय घायल हो गए। इसमें सिद्धांत दान नाम के युवक को चोटें आई हैं। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया है। इस मामले में तेलीबांधा पुलिस का कहना है कि युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है। इसमें आदित्य चौधरी के पिता मनोज चौधरी मंत्रालय में अधिकारी के पोस्ट पर है।

Share This Article