गोवर्धन पूजा पर रहेगी सरकारी छुट्टी

21 अक्टूबर को बंद रहेंगे दफ्तर और बैंक, सचिव ने जारी किया आदेश

Gupta Lochan
1 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने राज्य के कर्मचारियों और आम जनता के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है। आगामी गोवर्धन पूजा पर्व (21 अक्टूबर) को राज्य में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से आदेश जारी किया गया है। अवकाश का लाभ पूरे राज्य के सरकारी दफ्तरों और बैंकों को मिलेगा।
शासन के अनुसार, यह अवकाश ‘निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट 1881’ की धारा 25 के तहत घोषित किया गया है। इसका अर्थ है कि इस दिन राज्य शासन के सभी शासकीय दफ्तर, बैंक और अन्य सरकारी संस्थान बंद रहेंगे। इसके साथ ही निजी बैंकों में भी अवकाश का पालन किया जाएगा।
इससे एक दिन पहले 20 अक्टूबर को दीपावली का त्योहार मनाया जाएगा। ऐसे में कर्मचारियों को लगातार दो दिन का त्योहारों पर छुट्टी मिलेगी। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, यह निर्णय धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण पर्वों को ध्यान में रखकर लिया गया है, जिससे लोग पारंपरिक रूप से त्योहार मना सकें।
राज्य सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि, गोवर्धन पूजा के दिन कोई भी शासकीय कार्य या लेनदेन नहीं होगा। अधिसूचना जारी होने के बाद अब सभी विभागों को इसके अनुपालन के निर्देश दिए गए हैं।

Share This Article