छत्तीसगढ़ के 13वें मुख्य सचिव बने आईएएस विकासशील, 30 सितंबर को संभालेंगे पद, 4 सीनियर अफसरों को पछाड़ा

Gupta Lochan
3 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विकासशील को नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है। वे प्रदेश के 13वें मुख्य सचिव होंगे। शासन ने नियुक्ति का आदेश जारी कर दिया है। इस नियुक्ति में विकासशील ने 4 सीनियर आईएएस अधिकारियों को सुपरसीड (पछाडऩा) किया है। उन सीनियर अफसरों में रेणु गोनेला पिल्ले, सुब्रत साहू, अमित अग्रवाल और मनोज कुमार पिंगुआ शामिल हैं। वर्तमान मुख्य सचिव अमिताभ जैन 30 सितंबर को रिटायर हो रहे हैं। उसी दिन शाम को वे विकास शील को औपचारिक रूप से पदभार सौंपेंगे। परंपरा के अनुसार, जिस दिन नया मुख्य सचिव पदभार ग्रहण करता है, उस दिन कोई बड़ी मीटिंग नहीं होती। सिर्फ मुख्यमंत्री से मुलाकात होती है। इसके बाद अगले दिन मंत्रालय में अफसरों की परिचयात्मक बैठक आयोजित की जाएगी।

पौने चार साल का होगा कार्यकाल

नए मुख्य सचिव विकास शील का जन्म जून 1969 में हुआ था। इस हिसाब से जून 2029 में वे 60 साल के होंगे। यानी 30 सितंबर को पदभार ग्रहण करने के बाद वे करीब 3 साल 9 महीने तक मुख्य सचिव रहेंगे। लंबे कार्यकाल की दृष्टि से वे छत्तीसगढ़ के तीसरे मुख्य सचिव होंगे।
सबसे लंबा कार्यकाल अमिताभ जैन का रहा है, जिन्होंने चार साल 10 महीने तक यह जिम्मेदारी संभाली। उनके बाद विवेक ढांड ने 3 साल 11 महीने तक पद पर काम किया था। विकासशील की नियुक्ति को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। लंबा कार्यकाल मिलने के कारण उनसे शासन की योजनाओं और नीतियों को निरंतरता और स्थायित्व मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

नए सीएस विकास शील

छत्तीसगढ़ कैडर के 1994 बैच के आईएएस अफसर है। उनका जन्म 10 जून 1969 को हुआ, वे उत्तरप्रदेश के मूल निवासी हैं। इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग से बीई, पोस्टग्रेजुएशन भी इलेक्ट्रिकल (एमई) से किया। 4 सितंबर 1994 को आईएएस की सर्विस जॉइन की। मध्यप्रदेश कैडर के आईएएस अफसर थे। छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद उन्होंने छत्तीसगढ़ कैडर चुन लिया। बिलासपुर, रायपुर के कलेक्टर भी रहे। छत्तीसगढ़ में कई अहम पदों पर काम कर चुके विकासशील 2018 से केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं। स्वास्थ्य कल्याण विभाग में अतिरिक्त सचिव रहे। जल शक्ति मंत्रालय में पेयजल और स्वच्छता विभाग में जल जीवन मिशन के अतिरिक्त सचिव और मिशन निदेशक रहें। जनवरी 2024 से एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) में कार्यकारी निदेशक के सलाहकार पद पर पोस्टेड थे।

Share This Article