स्वेच्छानुदान राशि पर सियासत

विधायक ईश्वर साहू बोले- गरीब का बेटा बना विधायक, इसलिए कांग्रेसियों के पेट में दर्द, पीसीसी चीफ बैज ने भी कसा तंज

Gupta Lochan
2 Min Read

रायपुर। साजा विधानसभा से भाजपा विधायक ईश्वर साहू इस बार स्वेच्छानुदान राशि वितरण में भेदभाव को लेकर चर्चा में हैं. पीएसओ, पीए और ऑपरेटर द्वारा मिलकर राशि दुरुपयोग करने और रिश्तेदारों को फायदा पहुंचाने का आरोप है. आरोपों का आधार स्वेच्छानुदान के वितरण से जुड़ी वायरल सूची है. इस मामले को लेकर पीसीसी चीफ दीपक बैज हमलावर है. वहीं विधायक ईश्वर साहू का कहना है कि गरीब परिवार का बेटा विधायक बन गया, इसलिए कांग्रेसियों के पेट में दर्द हो रहा है.
स्वेच्छा अनुदान की वायरल सूची को लेकर साजा विधायक ईश्वर साहू ने कहा कि गरीब परिवार का बेटा विधायक बन गया है, इसलिए कांग्रेसियों के पेट में दर्द हो रहा है. यह सब उनकी रणनीति है. बताया कि उनके पास जो भी अपनी पीड़ा लेकर आता है, आर्थिक सहायता की मांग करता है, वह उनका नाम आगे बढ़ाते हैं. इसमें मैंने कभी कांग्रेस या भाजपा नहीं किया है. अब तक 2 हजार से अधिक लोगों का नाम भेजवा चुका हूं. जिनका भी पैसे आता है, उनको फोन के माध्यम से बुलाकर दे दिया जाता है. इस पूरे मामले को लेकर के पीसीसी चीफ दीपक बैज हमलावर नजर आ रहे हैं. उन्होंने कहा कि माले मुफ्त दिले बेरहमज् राम राज की बात है, जितना लूट सको तो लूट लो. स्वेच्छानुदान जरूरत मंदों के लिए होता है. विधायक तो बंदरबांट में लगे हैं. नारियल और तीन प्रतिशत की बात तो दिल्ली तक पहुंची है. ऐसे मामलों में कार्रवाई नहीं हुई तो समझो कि इसमें बड़े लोग भी शामिल हैं.

Share This Article