अमित शाह ने नक्सल ऑपरेशन के अफसरों की थपथपाई पीठ

कहा- छत्तीसगढ़ आकर बहादुर जवानों से भी मिलूंगा

Gupta Lochan
3 Min Read

रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ में नक्सल ऑपरेशन को लीड कर रहे अधिकारियों से दिल्ली में मुलाकात कर सम्मानित किया। इन्हीं अधिकारियों की प्लानिंग की वजह से लगातार फोर्स को बस्तर के अंदरूनी इलाके में मुठभेड़ में कामयाबी मिल रही है। सैकडों नक्सली मारे गए हैं। जिन अफसरों को शुक्रवार को शॉल और बुके देकर सम्मानित किया गया, उसमें छत्तीसगढ़ के डीजीपी अरुणदेव गौतम, बीजापुर एसपी जितेंद्र कुमार यादव, बस्तर एसपी शलभ कुमार सिन्हा और बस्तर रेंज के आईजी सुंदर राज पी शामिल है। अमित शाह ने इन अधिकारियों की पीठ थपथपाकर शुभकामनाएं दी हैं। इस दौरान सीएम विष्णुदेव साय और गृहमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद थे। अमित शाह ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि हाल ही में नक्सलवाद के खिलाफ चलाए गए अभियानों में अहम भूमिका निभाने वाले अधिकारियों से भेंट कर इन ऑपरेशंस की ऐतिहासिक सफलता पर उन्हें बधाई दी। इन अभियानों को अपनी बहादुरी से सफल बनाने वाले जवानों से भी मिलने के लिए उत्सुक हूं और जल्द ही छत्तीसगढ़ आकर उनसे भेंट करूंगा। मोदी सरकार नक्सलवाद के दंश से भारत को मुक्त करने के लिए संकल्पित है।
छत्तीसगढ़ में बीजेपी की सरकार बनने के बाद अब तक 400 से ज्यादा नक्सली मारे गए हैं। प्रदेश में चल रहे नक्सल ऑपरेशन की जानकारी मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को दी है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दिल्ली पहुंचे थे। सबसे पहले उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। ष्टरू ने बताया कि, कैसे प्रदेश में सेंट्रल फोर्स और स्टेट पुलिस मिलकर नक्सलियों के खिलाफ अभियान चला रही है। नक्सल प्रभावित जिलों में सरकार की योजनाएं सरेंडर पॉलिसी को लेकर भी अमित शाह और मुख्यमंत्री के बीच बातचीत हुई।
मुख्यमंत्री ने बताया कि, राज्य सरकार की नई रणनीति और केंद्र के सहयोग से नक्सल उन्मूलन अभियान को निर्णायक मोड़ पर पहुंचाया गया है। डेढ़ साल में चलाए गए अभियानों के सकारात्मक परिणाम मिले हैं। 1,428 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है, जो पिछले पांच साल की तुलना में अधिक है। मुख्यमंत्री साय ने शाह को बताया कि, 205 मुठभेड़ में 427 माओवादी मारे गए। जिनमें नक्सल संगठन के महासचिव बसवा राजू और सेंट्रल कमेटी सदस्य सुधाकर जैसे कुख्यात माओवादी शामिल हैं। इसके साथ ही राज्य में 64 नए फॉरवर्ड सुरक्षा कैंपों की स्थापना की गई है। जिससे सुरक्षा नेटवर्क मजबूत हुआ है।

Share This Article