अबूझमाड़ में सुरक्षाबलों को मिली ऐतिहासिक सफलता

सीएम साय बोले- नक्सलवाद की टूटी कमर, बस्तर अब शांति की दिशा में बढ़ रहा आगे

Gupta Lochan
3 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार को नक्सल विरोधी अभियान में मिली अब तक की सबसे बड़ी सफलता के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज रायपुर के न्यू सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता कर इस ऐतिहासिक ऑपरेशन की जानकारी दी. मुख्यमंत्री ने बताया कि अबूझमाड़ इलाके में सुरक्षाबलों ने 27 कुख्यात नक्सलियों को मार गिराया है, जिनमें माओवादी सेंट्रल कमेटी का शीर्ष नेता और ?3.25 करोड़ का इनामी बसव राजू भी शामिल है. मुख्यमंत्री ने इसे नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में निर्णायक मोड़ बताया और कहा कि बस्तर अब शांति की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है.
प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए नक्सलवाद बड़ा खतरा है. बस्तर विभिन्न जनजातीय समुदाय के लिए जाना जाता है. बस्तर लंबे समय से नक्सलवाद से जूझ रहा है. वहां के आदिवासियों को भय के माहौल में जीने के लिए मजबूर कर रखा है. प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री के मार्गदर्शन में हम नक्सलवाद के खात्मे के लिए काम कर रहे हैं. सुरक्षा बलों को असाधारण सफलता मिल रही है.
सुरक्षा बल के जवानों ने अबूझमाड़ इलाके में 27 कुख्यात नक्सलियों को मार गिराया है. नक्सलवाद मूवमेंट का रीढ़ माने जाने वाला बसव राजू को आपरेशन में ढेर किया गया है. सवा तीन करोड़ रुपए का इनामी था. तीन दशकों में पहली बार माओवादी की सेंट्रल कमेटी के किसी बड़े नेता को ढेर किया गया है. हमे सुरक्षा बलों के साहस पर गर्व है. कई महीनों से ये इनपुट मिल रहा था कि कर्रेगुड़ा की पहाड़ी में बड़े पैमाने पर नक्सलियों का जमावड़ा है. मैं उसके करीब के एक कैंप में भी गया था. जवानों से बातचीत की थी. नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे आंदोलन में मिल रही सफलता के पीछे डबल इंजन की सरकार का लाभ भी मिल रहा है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी लगातार छत्तीसगढ़ के दौरे पर आते रहे हैं. हम शुरू से ही यह आह्वान करते रहे कि हिंसा छोडक़र विकास की मुख्य धारा से जुडिय़े. सरकार ने बेहतर पुनर्वास नीति भी बनाई है. ईनामी नक्सली यदि सरेंडर करता है तो उसे जमीन देने तक की व्यवस्था रखी गई है. नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई के बाद यह लगता है कि बस्तर अब शांति की ओर बढ़ रहा है. जब तक नक्सलवाद समाप्त नहीं हो जाता है तब तक आपरेशन चलता रहेगा.

Share This Article