सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा, चला बुलडोजर

2 फार्म हाउस समेत 40 मकानों को किया जमींदोज

Gupta Lochan
3 Min Read

रायपुर। कौशल्या विहार (कमल विहार) की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य करने वालों लोगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। जिला प्रशासन, रायपुर नगर निगम, रायपुर डेवलपमेंट अथॉरिटी और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने लगभग 26 एकड़ सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर बनाए गए 40 मकान और 2 फॉर्म हाउस को जमींदोज किया है। मिली जानकारी के मुताबिक, सरकारी जमीन पर आरडीए द्वारा सिटी पार्क एरिया बनना है और वहां 40 फीट चौड़ी सडक़ प्रस्तावित है। बावजूद इसके, कौशल्या विहार (कमल विहार) में सरकारी जमीन पर लंबे समय से कब्जा कर लोगों ने मकान बना रखा था। लगातार कब्जा बढ़ता देख जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराया।
शनिवार सुबह 5 बजे से अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई शुरू हुई और करीब 10 बजे तक लगातार बुलडोजर चलता रहा। जिला प्रशासन समेत, नगर निगम, आरडीए और पुलिस बल को सुबह 4.30 बजे रिपोर्टिंग टाइम रखा गया था। कार्रवाई के लिए जब टीम पहुंची, इस दौरान बड़ी संख्या में लोग विरोध करने लगे। लेकिन अवैध कब्जाधारियों के भारी विरोध के बावजूद भी टीम ने करीब 5 घंटे तक अवैध निर्माण पर कार्रवाई की। इस कार्रवाई के बाद अब जिला प्रशासन यह जांच कर रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में सरकारी जमीन पर कब्जा आखिर किसकी मिलीभगत से हुआ। बड़ी संख्या में हुए अवैध कब्जे और पक्के निर्माण को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस की टीम को आशंका है कि किसी व्यक्ति के द्वारा सरकारी जमीन पर पैसा लेकर अवैध कब्जा करवाया गया है और जमीन के एवज में उनसे कुछ पैसे भी लिए गए है। वहीं, इस मामले में पुलिस और जिला प्रशासन की टीम जांच कर रही है। और अवैध कब्जा करवाने वाले लोगों की तलाश कर रही है। अवैध कब्जों को कार्रवाई करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ जिला प्रशासन, नगर निगम, आरडीए के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान 8 जेसीबी, 10 से अधिक ट्रक, एक बड़ी बस भरकर पुलिस के जवान और अलग-अलग क्षेत्र के थाना प्रभारी, जोन कमिश्नर समेत अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article