नवापारा में अखण्ड नवधा रामायण यज्ञ का भव्य समापन

Gupta Lochan
3 Min Read

रामपुर। करतला ब्लॉक अंतर्गत आदर्श ग्राम नवापारा में ग्रामीणों द्वारा सार्वजनिक संकट मोचन हनुमान मंदिर प्रांगण में अखण्ड नवधा रामायण(नवम वर्ष )का सफल आयोजन किया गया। 9 दिन तक चले इस धार्मिक अनुष्ठान में दूर दराज से भक्त श्रद्धालु, मानस गायन मण्डली,शास्त्रीय संगीत मण्डली, महिला मानस संकीर्तन मण्डली,मानस प्रवक्ता शामिल हुए। इस कार्यक्रम में माँ वैष्णवी संगीत महाविद्यालय सारंगढ़ के प्राचार्य एल डी वैष्णव एवम छात्र छात्राओं द्वारा शास्त्रीय संगीत गायन जिसमे राग सोहनी,राग यमन,राग दरबारी, राग खमाज,राग चन्द्रकौश,राग मालकोश, राग भैरवी पर आधारित शानदार भजन प्रस्तुत किया गया।युवा कथा प्रवक्ता दिव्य आनन्द तिवारी रिषभतीर्थ दमाऊधारा द्वारा भक्तिमय मधुर भजन प्रस्तुत किया गया जिससे श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हुए। नवधा रामायण के माध्यम से रामायण मण्डली भगवान श्रीराम की जीवनगाथा को गाकर लोगों को जीवन की सीख देते है और यही परम्परा चली आ रही है। आचार्य पं गजानन्द दुबे के नेतृत्व मे प्रतिदिन विधिवत पूजन एवम महाआरती विशेष सहयोगी संगीताचार्य पं जयलाल प्रसाद पांडेय, पं तोयम दुबे,पं श्रीकेशन महाराज द्वारा सम्पन्न कराया गया। पं गजानन्द दुबे ने व्यासपीठ से बतलाया कि रामायण हमे धर्म एवम सत्य की राह पर चलने की प्रेरणा देता है। प्रभु श्रीराम जी का सम्पूर्ण जीवन चरित्र हमें सत्य,प्रेम,त्याग,बलिदान व समर्पण,भातृत्व और भाईचारे की शिक्षा देता है मनुष्य इसे अपने जीवन मे अपनाकर आध्यात्मिक उन्नति और अपने जीवन को सार्थक बना सकता है।
9 दिन तक चले इस आयोजन में पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर, पूर्व विधायक श्यामलाल कंवर,वर्तमान विधायक रामपुर फूल सिंह राठिया, जिला पंचायत अध्यक्ष कोरबा पवन सिंह, जनपद अध्यक्ष करतला अशोक बाई कंवर,जिलापंचायत सदस्य अजय सावित्री कंवर, श्यामबाई राठिया,विश्राम कंवर सहित जनप्रतिनिधि बतौर अतिथि शामिल हुये। अतिथियों ने ग्रामीणों द्वारा सार्वजनिक आयोजन की सराहना की उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनो से सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता है। कार्यक्रम का भव्य समापन हवन पश्चात सहस्त्रधारा के साथ आनंद व भक्तिमय वातावरण में हुआ। कार्यक्रम के समापन पश्चात ग्रामीणों द्वारा कन्या भोज एवम ब्राम्हण भोज कराया गया। श्रद्धालुओं हेतु 9 दिन तक भोजन प्रसाद हेतु रामभण्डारे की व्यवस्था ग्रामीणों द्वारा की गई थी। आयोजन समिति द्वारा आगन्तुक अतिथियो,सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया गया।

Share This Article