धरमजयगढ़। जनजातीय गौरव दिवस समारोह 2026 के अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में मंत्री रामविचार नेताम और वन मंत्री केदार कश्यप वित्त मंत्री ओपी चौधरी सहित भाजपा नेताओं ने मीडिया को संयुक्त रूप से संबोधित किया। भाजपा नेताओं ने कहा कि दशकों से कांग्रेस द्वारा जनजातीय समाज की उपेक्षा की गई , लेकिन उस समाज को सम्मान देने का काम देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है। मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि देश की आजादी के इतिहास में जनजातीय महापुरुषों के शौर्य और वीरता का उल्लेख नहीं होता था। जनजाति समाज के उन जननायकों की गाथाओं को लोगों तक पहुंचने नहीं दिया गया, तो आने वाली पीढ़ी कैसे जानेगी। आज हम जिस धरती पर बैठे हैं, इसी छत्तीसगढ़ की धरा पर शहीद वीर नारायण सिंह, शहीद गेंद सिंह, शहीद गुंडाधूर जैसे अनेकों महापुरुषों ने जन्म लिया। उन्होंने अपने कार्यों और शौर्य से न केवल अपने राज्य को बल्कि देश को गौरवान्वित किया। देश की स्वतंत्रता के लिए, सामाजिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए और अपनी संस्कृति को समृद्ध बनाए रखने के लिए उनका संघर्ष अभूतपूर्व है।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद लंबे अंतराल तक कांग्रेस पार्टी की सरकारें रहीं। देश में पहली बार यदि जनजाति कार्य मंत्रालय का गठन हुआ तो वह भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री माननीय अटल बिहारी वाजपेयी जी के कारण हुआ। जनजाति समाज को भी आज अपने महापुरुषों की जीवन गाथा को आने वाली पीढिय़ों तक पहुंचाने का जो अवसर मिला है, वह प्रधानमंत्री जी ने दिया है।
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि आज यदि हम देश के संवैधानिक मुखिया की बात करें तो जनजातीय समुदाय की एक बेटी, जो वनांचल से निकलकर आई, आज राष्ट्रपति पद को सुशोभित कर रही हैं। यह हमारे लिए गौरव का विषय है। आज हमारे प्रदेश सहित तीन-तीन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी के तीन-तीन आदिवासी मुख्यमंत्री सफलतापूर्वक कार्य कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ में माननीय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में, ओडिशा में मोहन मांझी और अरुणाचल में मुख्यमंत्री पेमा खांडू कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बहुत सारी योजनाएं लाई हैं, जिनके माध्यम से जनजातीय समाज का शैक्षणिक विकास हो सके, सामाजिक रूप से सशक्त हो सके, आर्थिक रूप से मजबूत हो सके और कौशल उन्नयन हो सके। इसके लिए विभागों के माध्यम से लगातार काम चल रहा है। बस्तर और सरगुजा जो कभी बहुत पिछड़े हुए क्षेत्र के रूप में जाने जाते थे, आज वहां मेडिकल कॉलेज की स्थापना होती है, यूनिवर्सिटी की स्थापना होती है, एजुकेशन हब का निर्माण होता है, नए जिलों का निर्माण होता है और वन अधिकार का पत्र हमारे लोगों को प्राप्त होता है। यह भी भारतीय जनता पार्टी की बहुत बड़ी देन है। श्री नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत का जो संकल्प रखा है, जब आजादी के 100 साल पूरे होंगे 2047 में, तब छत्तीसगढ़ भी किसी भी मामले में पीछे न रहे, इसके लिए योजना बनाई है। लंबे अंतराल तक लगभग 50 वर्षों तक देश में सबसे अधिक नक्सलवाद कहीं रहा तो वह छत्तीसगढ़ रहा और छत्तीसगढ़ में भी सरगुजा और बस्तर में रहा। उस दंश को झेला और आज उस नक्सलवाद का खात्मा हुआ है तो वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृढ़ संकल्प, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की योजना और सेना के जवानों के कारण हुआ है। आज उन्हीं क्षेत्रों में विपक्ष के लोग जाकर कहते हैं कि नक्सली उनके रोल मॉडल हैं। यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। हमारे जनजातीय समुदाय ने कभी भी नक्सलियों को अपना रोल मॉडल नहीं माना है। जब सलवा जुडूम चल रहा था, तब बिना हथियार के हमारे जनजातीय समुदाय के लोगों ने उन क्षेत्रों में संघर्ष किया।उन्होंने कहा कि धर्मांतरण के विरोध में भी हमारे महापुरुषों ने लड़ाई लड़ी। समाज ही नहीं, बल्कि देश की अस्मिता को बचाने के लिए लड़ाई लड़ते-लड़ते अंग्रेजों के द्वारा उन्हें जेल में डाला गया और उनकी एक तरह से हत्या हुई। जनजातीय समाज के बीच में ही नहीं, बल्कि समूचे समाज के लिए उन्होंने जो आवाज उठाई, इसीलिए आज उन्हें धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के रूप में लोग पूजते हैं।
ऐसे हमारे जनजातीय समाज के नायक को केंद्र सरकार ने गौरव दिवस मनाकर सम्मान दिया। समाज के 80 एसटी वर्ग के बहुत सारे महापुरुष हुए, उनके नाम से गौरव दिवस के दिन हम उनका स्मरण कर सकें, सम्मान दे सकें, महिमा मंडित कर सकें और समाज को मान-सम्मान और स्वाभिमान की अनुभूति हो सके, ऐसा सोचकर केंद्र सरकार ने, आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने जो अवसर दिया, इसके लिए पूरा आदिवासी समाज, जनजातीय समाज प्रधानमंत्री को बहुत आभार व्यक्त करता है, बहुत-बहुत धन्यवाद देता है। श्री नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जनजातीय समाज को आगे लाने के लिए अनेकों योजनाएं चलाई गईं। भगवान बिरसा मुंडा के नाम से पीएम जनमन जैसी योजना चलाई गई। वहीं जनजातियों के विकास के लिए धरती आबा योजना चलाकर देश के 549 जिले, जिसमें 63 हजार गांव शामिल हैं, उन गांवों के बेहतर विकास के लिए रोड मैप बनाकर 80 हजार करोड़ रुपये की योजना का शुभारंभ किया गया। यह योजना भी भगवान बिरसा मुंडा के नाम से चलाई गई।
पीएम जनमन के तहत बहुत पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरबा, बिरहोर, कमार, भुंजिया, बैगा जैसी जनजातियों के विकास के लिए रोड मैप तैयार करके काम किया गया है। आज उनके गांव में सडक़ें पहुंच रही हैं, घर तक बिजली पहुंच गई है, स्कूल लगने लगे हैं और बाकी काम होने लगे हैं। इस प्रकार की बृहत कार्य योजना बनाकर काम किया गया है। उन्होंने कहा कि इसीलिए इतना बड़ा गौरव का क्षण है। हम सबको गर्व होना चाहिए कि प्रधानमंत्री हम सबको संबोधित करेंगे, वहीं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद आदरणीय नितिन नवीन जी का भी मार्गदर्शन हम सबको प्राप्त होगा।
निर्जला उपवास के बीच जनजातीय दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे नितिन नवीन
श्री चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बिहार की धरती से आते है बिहार की धरती के लिए छठ पूजा महापर्व है इसके बावजूद छठ के दिन, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष 36 घंटे निर्जला उपवास करते हुए जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन में शामिल होंगे । जनजातीय समाज के नायक भगवान बिरसा मुंडा जी को भारतीय जनता पार्टी कितना आदर देती है।
प्रेस वार्ता के दौरान मंचस्थ अतिथि
प्रेस वार्ता में सांसद राठिया, महेश कश्यप, औषिधी बोड अध्यक्ष विकास मरकाम, पूर्व मंत्री व अजजा प्रदेश अध्यक्ष सत्यानंद राठिया, प्रदेश महामंत्री अजजा विजय जगत, अजजा जिला अध्यक्ष अमल साय राठिया, जिला भाजपा अध्यक्ष अरुणधर दीवान, प्रशांत ठाकुर जिला प्रभारी की मौजूद रहे।


