रायगढ़. शनिवार को खरना छठ के दौरान शहर सहित अंचल के घरों में छठी मईया के पारंपरिक गीत कांच ही बांस के बहंगिया बहंगी लचकत… से गूंजयमान रहा। इस दौरान केलो नदी सहित तालाबों के घाट पर व्रति महिलाओं ने खरना पूजा किया, इसके बाद घर जाकर खीर का प्रसाद तैयार कर चंद्र दर्शन के बाद ग्रहण किया। वहीं रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अघ्र्य दिया जाएगा और सोमवार को अरुणोदय काल में अघ्र्य के साथ पर्व का समापन होगा।
उल्लेखनीय है कि सूर्य की उपासना छठ महापर्व करने वाली व्रती महिलाओं ने शनिवार को सुबह मिट्टी से बाल धोकर पूरे दिन निर्जला व्रत रहीं। वहीं शाम को नदी व तालाब के घाट पर खरना पूजा किया। इसके बाद घर जाकर गुड़-चावल का खीर एवं पूड़ी का प्रसाद तैयार कर रात में चंद्र दर्शन के बाद प्रसाद को ग्रहण किया। इस व्रत को रखने वाले लोग चार दिनों तक संयम-नियम का पालन करते हैं। व्रतियों का कहना है कि छठ मईया के नियमों के विरूद्ध रहकर पूजा-अर्चना करने से मनोकामनाएं पूरी नहीं होती। इसलिए इस व्रत को पूरी श्रद्धा के साथ पवित्र नियमों को ध्यान में रखते हुए करते हैं। वहीं रविवार शाम को डूबते सूर्य को अघ्र्य दिया जाएगा। साथ ही शनिवार को व्रति महिलाएं व पुरुष वर्ग जहां शनिवार को पूजा सामग्री सहित अन्य सामानों की खरीदी भी किया, इससे बाजार में देर शाम तक गहमा-गहमी का माहौल रहा। इस बार बाजार में छठ पूजा के लिए कलकत्ता से भारी मात्रा में नारियल और डोब नीबू मंगाया गया है, जिसकी जमकर बिक्री हुई है।
देवी के रूप में पूजे जाते हैं सूर्य देव
षष्ठी तिथि के दिन भगवान सूर्य को देवी के रूप में पूजा की जाती है। पौराणिक मान्यता के अनुसार एक समय में भगवान परशुराम के पिता जमदगनी ऋषि जगंल में भ्रमण कर रहे थे। उस समय सूर्य की तपन काफी तेज थी। उसी दौरान परशुराम की मां रेणुका तुलसी चबूतरा में पूजा कर रही थी जो सूर्य की तपन बेहाल हो रही थीं। यह देखकर जमदगनी ऋषि को भगवान सूर्य पर क्रोध आ गया और उन्होंने सूर्यदेव को श्राप देते हुए कहा कि तुम भी एक दिन के लिए स्त्री बन कर पूजे जाओगे, तब तुम्हे स्त्रियों का कष्ट समझ में आएगा। तभी से कार्तिक मास के षष्ठी तिथि के दिन सूर्य भगवान को छठ मईया के रूप में पूजा की जाती है। साथ ही जो भी महिला-पुरुष पूरे विधि-विधान से छठ मईया की पूजा करते है उनकी मनोकामना अवश्य पूर्ण होती है।
मौसमी फलों की जमकर हुई बिक्री
छठ महापर्व को देखते हुए पूजन सामग्रियों व मौसमी फलों से बाजार पूरी तरह से सज गया है। छठ पूजा में उपयोग होने वाले विशेष रूप से गन्ना, डोब, कच्चा नारियल, कच्चा सिंघाड़ा, केला, शकरकंद, कच्चा हल्दी, कच्चा अदरक, मुली, मखना, लौकी सहित अन्य मौसमी फलों की पूरे दिन जमकर खरीददारी की गई। इस दौरान बाजार में पूरे दिन महिला व पुरुषों की भीड़ लगी रही, साथ ही बाजार में रविवार को दोपहर तक अच्छी खासी भीड़ रहने की संभावना है। इस संबंध में पूजा सामग्री विक्रेता संजय पनकर ने बताया कि छठ पूजा को लेकर बाजार में अच्छा-खासा रौनक है और सामानों की बेहतर बिक्री हो रही है।
सज-धज कर तैयार हुआ घाट
शहर के जूटमिल स्थित केलो नदी, बुढ़ीमाई मंदिर तालाब, निकले महादेव मंदिर तालाब सहित शहर के अन्य जगहों पर छठ पूजा के लिए तैयारी की गई है। इसके लिए निगम द्वारा सभी जगह साफ-सफाई लगभग पूरी कर दी गई है। वहीं कुछ जगहों पर बचा हुआ है, जिसे रविवार को अल सुबह पूरी कर ली जाएगी। साथ ही घाट जाने के लिए निगम की तरफ से सडक़ों की भी साफ-सफाई जारी है, क्योंकि इस पर्व पर जो भी लोग घाट जाते हैं वह बगैर चप्पल के ही जाते हैं, इसको देखते हुए सडक़ों की भी सफाई बेहतर तरीके से की जा रही है, ताकि लोगों को समस्या का सामना न करना पड़े।


