लोक आस्था का महापर्व खरसिया के ऐतिहासिक भगत तालाब पर सजने लगा आस्था का संसार, 15 और 16 को भव्य रूप से मनेगा छठ महापर्व

Lochan Gupta
3 Min Read

खरसिया। सिद्धार्थ शर्मा। प्रकृति, सूर्य उपासना छठ मैया की अटूट भक्ति के प्रतीक लोक आस्था के महापर्व ‘छठ’ की गूंज इस वर्ष खरसिया में भी पूरी भव्यता के साथ सुनाई देने लगी है। प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी छठ पूजा उत्सव समिति खरसिया के तत्वावधान में ऐतिहासिक एवं प्राचीन भगत मछली तालाब, संजय नगर श्री हनुमान मंदिर के पास पर चार दिवसीय इस महान अनुष्ठान की तैयारियां जोरों पर हैं। छठ महापर्व न केवल एक धार्मिक अनुष्ठान है, बल्कि यह प्रकृति के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने, आत्म-शुद्धता और कठोर अनुशासन का एक अनूठा संगम है। इस पावन अवसर पर खरसिया के भगत तालाब परिसर को भव्य रूप से सजाया जा रहा है, जिससे पूरा क्षेत्र छठमय हो गया है। भारतीय सनातन संस्कृति में छठ एकमात्र ऐसा पर्व है जिसमें अस्ताचलगामी (डूबते) सूर्य और उद्यमान (उगते) सूर्य—दोनों की ही पूजा की जाती है। यह इस बात का प्रतीक है कि जीवन में केवल उत्थान ही नहीं, बल्कि पतन या संकट के समय भी निरंतरता और धैर्य का बड़ा महत्व है।

प्रकृति की वंदना और समता, समरसता

इस महापर्व में जल, थल, अग्नि और वायु—सभी प्राकृतिक तत्वों को नमन किया जाता है। ठेकुआ, कसार, मौसमी फल, गन्ना और सूप-दौरा जैसी सामग्रियां प्रकृति और कृषि संस्कृति के प्रति हमारे समर्पण को दर्शाती हैं। जाति, ऊंच-नीच और भेद-भाव की दीवारों से परे यह पर्व समाज को एक सूत्र में पिरोता है। व्रतधारियों की कठिन साधना और समाज की सहभागिता इस पर्व को अलौकिक बनाती है। छठ पूजा उत्सव समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और अनुशासन को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा इस प्रकार तय की गई है- दिनांक 15 नवंबर 2026 (रविवार) – प्रथम अर्घ्य (अस्ताचलगामी सूर्य को) समय: संध्या 4:30 बजे से 6:00 बजे तक। व्रती महिलाएं और श्रद्धालु अपने परिवारों के साथ डूबते हुए सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे। इस दौरान तालाब के घाटों पर दीपों की श्रृंखला और मंत्रोच्चार से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो जाएगा। दिनांक 16 नवंबर 2026 सोमवार – द्वितीय अर्घ्य (उगते सूर्य को) समय: प्रात: 5:30 बजे से 7:30 बजे तक। अहले सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रती अपने 36 घंटे के निर्जला उपवास का पारायण करेंगे। प्रसाद वितरण समय प्रात: 7::0 बजे से प्रारंभ विवरण – अर्घ्य संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद (ठेकुआ व अन्य सामग्रियां) का वितरण किया जाएगा। छठ पूजा उत्सव समिति खरसिया ने क्षेत्र के सभी सम्मानित नागरिकों, माता-बहनों और दूर-दूर से आने वाले श्रद्धालुओं से सादर निवेदन किया है कि वे इस पवित्र और ऐतिहासिक आयोजन में सपरिवार सम्मिलित हों। आइए, इस महायोजन की शोभा बढ़ाएं, खरसिया की गौरवशाली परंपरा में सहभागिता निभाएं और छठी मइया तथा सूर्यदेव का आशीर्वाद प्राप्त कर अपने जीवन को धन्य बनाएं।

Share This Article