रायगढ़। गुरुवार की सुबह रेती लोड़ टैक्टर की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग और चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई को लेकर चक्काजाम कर दिया था, इससे पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों को समझाईश देकर शांत कराया।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार कोतरारोड थाना क्षेत्र के ग्राम कलमी के फाटकपारा निवासी राजेश (19 वर्ष) गुरुवार को सुबह करीब 11 बजे किसी काम से बाइक लेकर घर से निकला था। इस दौरान वापस लौटते समय कलमी बस्ती के मेन रोड पर रायगढ़ की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार रेत लोड ट्रेक्टर की चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उसे जोरदार ठोकर मार दिया, इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और नाराज ग्रामीणों ने शव सडक़ पर रखकर चक्काजाम शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि इस क्षेत्र में सुबह से रात तक अवैध रेत का परिवहन होता है, इससे हर दिन सैकड़ों ट्रैक्टर रेत लेकर इस रास्ते से गुजरते हैं। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होती, जिसको लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश था। साथ ही इस हादसे के बाद कलमी व आसपास के गांव के भी लोग मौके पर पहुंच गए थे और मुआवजे की मांग को लेकर घंटों सडक़ पर डटे रहे, साथ ही चक्काजाम कर रहे ग्रामीणें ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि मृतक के परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता व उचित मुआवजा दिया जाए, साथ ही इस मार्ग से गुजरने वाले वाहनों की रफ्तार भी रोक लगाई जाए, ताकि आए दिन हो रहे इस तरह के हादसे पर रोक लग सके।
पूरे दिन बनी रही तनाव की स्थित
चक्काजाम की सूचना मिलते ही कोतरारोड थाना प्रभारी अपने दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाइश देते रहे, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर डटे रहे। इस दौरान पुलिस टीम भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तैनात थी, हालांकि पुलिस के काफी समझाईश के बाद शाम को मामला शांत हुआ, इसके बाद पुलिस ने पंचनामा दर्ज कर शव को पोस्र्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। साथ ही ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि ट्रैक्टर चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


