आज नहाय-खाय से शुरू होगा चार दिवसीय छठ महापर्व

छठ घाटों की साफ-सफाई व पेंटिंग कार्य में जुटे भक्त, बाजार में दिखने लगी चहल-पहल

Lochan Gupta
4 Min Read

रायगढ़। छठ महापर्व नजदीक आते ही घाटों की साफ-सफाई व रंग-रोगन का कार्य शुरू हो गया है। वहीं शुक्रवार के नहाए-खाये से छठ महापर्व की शुरूआत हो रही है। जिससे व्रती महिलाएं अभी से तैयारी में जुट गई है। साथ ही छठ घाट में लाईटिंग के साथ-साथ अन्य कार्य को लेकर पूरे दिन भी लोगों का आना-जाना शुरू हो गया है।
उल्लेखनीय है कि छठ महापर्व हर साल कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को मनाया जाता है। इस साल छठ पूजा 15 नवंबर को होगी। इसकी शुरुआत 2 दिन पहले चतुर्थी तिथि को नहाय खाय से होती है, फिर पंचमी को लोहंडा और खरना होता है। उसके बाद षष्ठी तिथि को छठ पूजा होती है, जिसमें सूर्य देव को शाम का अर्घ्य अर्पित किया जाता है। अगले दिन सप्तमी को उगते सूर्य को अर्घ्य देते हैं और फिर पारण करके व्रत को पूरा किया जाता है। तिथि के अनुसार, छठ पूजा 4 दिन की होती है। ऐसे में शुक्रवार को नहाए-खाये से छठ व्रत की शुरूआत की जाएगी, जिसके लिए व्रती महिलाएं तैयारी में जुट गई है। जो छठ मईया के विशेष प्रसाद ठेकुआ तैयार करने के लिए घर-घर में गेंहू की साफ-सफाई का कार्य चल रहा है। तो वहीं पुरुष वर्ग छठ घाटों की साफ-सफाई और रंग-रोगन में जुट गए हैं। शहर के जुटमिल स्थित लेबर कालोनी छठ घाट में बड़े पैमाने पर पूजा होता है। यहां हर साल सैकड़ों लोग छठ पूजा के लिए पहुंचते हैं। जिससे अभी से यहां साफ-सफाई के साथ रंग-रोगन किया जा रहा है।
जूटमिल स्थित लेबर कालोनी छठ घाट पर विगत दो दिन पहले से ही काम चल रहा है। जिससे नगर निगम द्वारा घाट की सफाई के साथ मार्ग को भी सफाई कराई जा रही है। इसके साथ ही इस साल पूरी मार्ग में अलग-अलग गेट के साथ-साथ टेंट व लाईटिंग की भी व्यवस्था की जा रही है, ताकि रात में पूजा करने आने वाली व्रती महिलाओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही पहले से बने बेदियों की डेटिंग-पेटिंग का भी कार्य तेजी से चल रहा है। जो शुक्रवार शाम तक कार्य पूर्ण होने की बात कही जा रही है।

घर-घर में गूंजने लगा छठ गीत

रायगढ़ जिला औद्योगिक नगरी होने के कारण यहां बड़ी संख्या में यूपी-बिहार के लोग निवासरत है। जिसके चलते दीपावली के बाद से ही यहां छठ पूजा की धूम शुरू हो जाती है। इसको लेकर अब घर-घर में तैयारी शुरू हो गई है, साथ ही महिलाएं छठ मईया के गीत गाते हुए गेंहू की सफाई व अन्य कार्य में जुट गई है। व्रती महिलाओं की मानें तो छठ मईया की पूजा में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना पड़ता है। जिसको लेकर पहले से ही तैयारी की रही है।

नदी सहित तालाबों के घाट में होगी पूजा

उल्लेखनीय है कि दिनों-दिन छठ मैय्या की चलन बढऩे से शहर के दर्जनों स्थानों पर छठ पूजा की तैयारी चल रही है, जिसमें देखा जाए तो एसईसीएल के पास केलो नदी किनारे, बेलादुला स्थित केलो नदी घाट, जगदंबा मंदिर के पास, जुटमिल लेबर कालोनी, बुढ़ी माई मंदिर स्थित करबला तालाब, गणेश तालाब, निकले महादेव मंदिर तालाब, भुजबधान तालाब, मि_ूमुड़ा तालाब, उर्दना स्थित तालाब सहित अन्य स्थान शामिल है। वहीं इन सभी तालाबों के घाटों की सफाई के लिए निगम की टीम विगत दो दिनों से जुटा हुआ है, जो सुबह से लेकर शाम तक घाटों की सफाई के साथ-साथ रंग-पेंट का कार्य किया जा रहा है।

Share This Article