जशपुर। जिले के कुनकुरी-तपकरा मार्ग पर केरसई के पास सडक़ हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हैं। बाइक को टक्कर मारने के बाद कार अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे दुकान का प्लेटफॉर्म तोड़ते हुए पेड़ से जा भिड़ी। हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें कार बाइक को टक्कर मारती दिखाई दे रही है। हादसे के बाद कार पेड़ पर लटक गई। कार सवार परिवार छठ मनाने बिहार जा रहा था, जबकि बाइक सवार राजमिस्त्री के काम से जा रहे थे। घटना ऊपरकछार पुलिस चौकी क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक, कुनकुरी निवासी विजय लकड़ा और जीवन कुजूर बाइक से केरसई की ओर जा रहे थे। दोनों राजमिस्त्री का काम करने जा रहे थे। इसी दौरान तपकरा की ओर से आ रही टोयोटा अर्बन क्रूजर कार से उनकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में विजय लकड़ा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जीवन कुजूर घायल हो गए। कार में एक ही परिवार के पांच लोग सवार थे। वे छठ पर्व मनाने के लिए रायगढ़ से बिहार के बोधगया जा रहे थे। बाइक से टक्कर के बाद कार सडक़ किनारे दुकान का प्लेटफॉर्म तोड़ते हुए पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार सवार सभी पांच लोग घायल हो गए।
रांची में इलाज के दौरान बुजुर्ग की मौत
घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। कार सवार 76 वर्षीय रामेश्वर सिंह की हालत गंभीर थी। इलाज के लिए उन्हें झारखंड के रांची ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। प्रवीण सिंह समेत कार में सवार चार लोग घायल हैं। इस हादसे में बाइक सवार विजय लकड़ा की मौके पर और रामेश्वर सिंह की इलाज के दौरान मौत हुई है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।


