बाइक को मारी टक्कर, विरोध करने पर धारदार हथियार से किया हमला

चंगोराभाठा में 4 नाबालिग सहित 6 आरोपी गिरफ्तार

Lochan Gupta
2 Min Read

रायपुर। चंगोराभाठा में मामूली विवाद पर एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 2 युवक और 4 नाबालिग शामिल हैं। आरोपियों ने ऑटो की टक्कर लगने के बाद हुए विवाद में युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया था। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू और इलेक्ट्रिक ऑटो जब्त किया है। घटना डीडी नगर थाना इलाके की है।
घटना 8 नवंबर की रात करीब 11:50 बजे की है। श्रीराम नगर निवासी सतीश यादव चंगोराभाठा रोड पर खड़े थे। इसी दौरान एक इलेक्ट्रिक ऑटो के ड्राइवर ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। इससे सतीश सडक़ पर गिर गए। ऑटो में झंडा चौक निवासी मयंक ठाकुर और उसके साथी सवार थे। सतीश ने ऑटो चालक को देखकर वाहन चलाने की बात कही तो सभी आरोपी नीचे उतर गए। उन्होंने सतीश के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपियों ने धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई।
सतीश की शिकायत पर डीडी नगर थाने में आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और डीडी नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर दबिश दी और मयंक ठाकुर (19), लक्ष्य निर्मलकर (18) सहित विधि से संघर्षरत 4 बालकों को पकड़ा। आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल एक चाकू और इलेक्ट्रिक ऑटो (सीजी-04 क्यूके-7490) जब्त किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मयंक ठाकुर पहले भी प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत जेल जा चुका है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article