युवती से छेड़छाड़, आरोपी गिरफ्तार

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। युवती से छेड़छाड़ के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। मामले में दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।
पीडि़त युवती जो शहर में किराए के मकान में रहकर सेल्स गर्ल का कार्य करती है, ने 29 मार्च को महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि 26 फरवरी की रात ड्यूटी समाप्त कर अपने परिचित के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रही थी। रास्ते में देवांगन धर्मशाला के पास रात लगभग 10 बजे राशन लेने के लिए रुकी, तभी बाटली खान अपने साथी प्रशांत सोनी के साथ वहां आया और युवती को घूरते हुए उसके बाल खींचे तथा बुरी नीयत से छेड़छाड़ की। विरोध करने पर दोनों आरोपियों ने विवाद करते हुए बहस की। आसपास मौजूद लोगों के हस्तक्षेप के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद युवती अस्वस्थ होने के कारण अपने गांव चली गई थी और 29 मार्च को रायगढ़ लौटने पर रिपोर्ट दर्ज कराई।
महिला थाना में धारा 74 भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज कर तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की गई। डीएसपी उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी प्रशांत सोनी (24 वर्ष), निवासी चांदनी चौक, थाना कोतवाली रायगढ़ को उसके घर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी बाटली खान के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी को 30 मार्च को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेजा गया है।
फरार आरोपी की तलाश जारी
मामले में दूसरा आरोपी बाटली खान अभी फरार है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है और शीघ्र गिरफ्तारी की संभावना है।

Share This Article