पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की ढिलाई और संरक्षण नीति का परिणाम है नशे का कारोबार : अशोक अग्रवाल

जिले में दोबारा अफीम की खेती पकड़े जाने पर कांग्रेस की भूमिका है संदिग्ध

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। जिले में एक बार फिर बड़े पैमाने पर अफीम की अवैध खेती पकड़े जाने की घटना ने प्रदेश की राजनीति में हलचल मचा दी है। भाजपा ने इस पूरे मामले को लेकर कांग्रेस पर सीधा हमला बोलते हुए कहा है कि यह स्थिति पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की ढिलाई और संरक्षण नीति का परिणाम है।
भाजपा के सह प्रवक्ता अशोक अग्रवाल ने कहा कि अफीम की खेती कोई एक दिन या एक सीजन में खड़ी नहीं होती, बल्कि इसके पीछे लंबे समय तक मिली छूट और संरक्षण की भूमिका होती है। वर्ष 2018 से 2023 तक कांग्रेस सरकार के दौरान प्रदेश में नशे के कारोबार को जिस प्रकार बढ़ावा मिला, उसी का नतीजा आज सामने आ रहा है। पिछली कांग्रेस सरकार ने युवाओं को नशे की लत में धकेलने का माहौल तैयार किया और हमारे राज्य को ‘उड़ता छत्तीसगढ़’ बनाने की दिशा में काम किया। लेकिन, प्रदेश की जागरूक जनता ने उनके इन खतरनाक मंसूबों को समय रहते समझ लिया और लोकतांत्रिक तरीके से उन्हें सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भाजपा सरकार नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। अफीम की अवैध खेती पकडऩे के साथ दोषियों पर कड़ी कार्रवाई भी की जा रही है। ऐसे में कांग्रेस का इस मुद्दे पर बयान देना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि यह उनकी दोहरी मानसिकता को भी उजागर करता है।
अशोक अग्रवाल ने साफ शब्दों में स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। छत्तीसगढ़ को नशामुक्त और सुरक्षित बनाना बीजेपी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कांग्रेस को आत्ममंथन करना चाहिए, क्योंकि जिस समस्या को उन्होंने जन्म दिया, आज उसी के खिलाफ निर्णायक लड़ाई भाजपा सरकार लड़ रही है। प्रदेश की जनता यह भली-भांति जानती है कि नशामुक्त, सुरक्षित और सशक्त छत्तीसगढ़ केवल भाजपा के नेतृत्व में ही संभव है।

Share This Article