रेलवे बंगलापारा व बेलादुला में सट्टा पट्टी के साथ 3 गिरफ्तार

साइबर, कोतवाली व चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। ऑपरेशन अंकुश में सट्टा, जुआ एवं अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कल थाना साइबर, कोतवाली और चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर सट्टा पट्टी लिखने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की गई, जिसमें तीन आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा गया है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के रेलवे बंगलापारा में पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना पर रेड कार्रवाई की, जहां भीड़ पुलिस को देखकर भाग गई, मौके पर मिले छबिराम धीवर को पकडक़र पूछताछ की गई। आरोपी ने कबीर चौक जूटमिल निवासी सट्टा खाईवाल पप्पू बरेठ के लिए सट्टा लिखना स्वीकार किया तथा दीनदयाल साहू (खाईवाल पप्पू बरेठ का मैनेजर) द्वारा सट्टा रकम के लेन-देन में सहयोग करना बताया। आरोपी के कब्जे से कैलकुलेटर, मोबाइल, 9835 रूपये का सट्टा पट्टी लेखा-जोखा कागजात एवं 1000 नगद जब्त किया गया। आरोपी के विरुद्ध थाना कोतवाली में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 06 के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि पप्पू बरेठ एवं दीनदयाल साहू दोनों निवासी कबीरचौंक जूटमिल फरार हैं।

मरीन ड्राइव में सट्टा रेड, दो आरोपी गिरफ्तार’

इसी प्रकार चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के बेलादुला मरीन ड्राइव में साइबर और चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा रेड कार्रवाई कर मो0 एजाज और राजेश देवांगन को सट्टा पट्टी लिखते रंगे हाथ पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल, सट्टा पट्टी (1800 रूपये) एवं नगदी रकम 710 रूपये जब्त की गई। पूछताछ में आरोपियों ने मधुबनपारा निवासी सट्टा खाईवाल सहनावाज मालिक उर्फ सानू के लिए सट्टा लिखना स्वीकार किया तथा मोबाइल के माध्यम से लेन-देन करना बताया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना चक्रधरनगर में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 06 के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि आरोपी सहनावाज मालिक फरार है, जिसकी पतासाजी की जा रही है।

Share This Article