ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा पर एक और कार्रवाई

सट्टा खाईवाल मुकेश अग्रवाल को किया गिरफ्तार, भारत-वेस्टइंडीज मैच पर मोबाइल एप के जरिए लिया जा रहा था सट्टा

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। कल थाना खरसिया पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे सट्टा खाईवाल मुकेश अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम छोटे मुड़पार में डभरा क्षेत्र का एक व्यक्ति मोबाइल के माध्यम से क्रिकेट मैच में रुपए-पैसे का दांव लगाकर ऑनलाइन सट्टा खिला रहा है। सूचना की पुष्टि पर एसडीओपी खरसिया श्री प्रभात पटेल के नेतृत्व में थाना प्रभारी खरसिया निरीक्षक राजेश जांगड़े, एएसआई उमाशंकर धृतांत एवं पुलिस टीम द्वारा मौके पर दबिश दी गई।
दबिश के दौरान संदेही मुकेश अग्रवाल भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जा रहे क्रिकेट मैच में मोबाइल फोन के माध्यम से सट्टा लगाने वालों से संपर्क कर दांव दर्ज करते पाया गया। पुलिस ने आरोपी मुकेश अग्रवाल पिता स्व. इन्द्र कुमार अग्रवाल उम्र 30 वर्ष निवासी कानाकोट थाना डभरा जिला सक्ती को मौके पर गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से एक विवो कंपनी का एंड्रायड मोबाइल जब्त किया गया, जिसमें क्रोम एप में लिंक और पासवर्ड के माध्यम से क्रिकेट सट्टा का अंक और रकम दर्ज पाया गया। इसके साथ ही सट्टा से संबंधित 4000 रुपये की रकम भी जब्त की गई।
पूछताछ में आरोपी मुकेश अग्रवाल ने बताया कि उसका पार्टनर सतीश अग्रवाल उर्फ भुडू द्वारा उसे उक्त लिंक और पासवर्ड उपलब्ध कराया गया था, जिसके माध्यम से वह क्रिकेट मैच में दांव लगवाता था। सट्टा में प्राप्त रकम वह फोनपे अथवा नगद के माध्यम से अपने पार्टनर सतीश अग्रवाल को भेजता था। मामले में थाना खरसिया में आरोपी मुकेश अग्रवाल एवं उसके पार्टनर सतीश अग्रवाल उर्फ भुडू के विरुद्ध धारा 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आरोपी मुकेश अग्रवाल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि उसके पार्टनर की तलाश की जा रही है।

Share This Article