कुड़ेकेला धान मंडी में हाथी का आतंक, 30 हजार क्विंटल धान पर मंडराया खतरा

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। जिले के कुड़ेकेला स्थित धान उपार्जन मंडी में बीती रात अचानक जंगली हाथी के घुस आने से हडक़ंप मच गया। हाथी ने मंडी परिसर में जमकर उत्पात मचाते हुए धान की बोरियों को बेरहमी से बिखेर दिया, जिससे मंडी प्रबंधन और स्थानीय किसानों में भारी दहशत का माहौल बन गया है।
घटना के दौरान मंडी परिसर में लगभग 30 हजार क्विंटल धान खुले में पड़ा हुआ था, जो हाथी के उत्पात से खतरे की जद में आ गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथी अचानक मंडी के अंदर घुस आया और इधर-उधर रखी बोरियों को पटकते हुए परिसर में काफी नुकसान किया।
मंडी कर्मचारियों का कहना है कि “रात में अचानक हाथी अंदर आ गया। हम लोगों ने जैसे-तैसे अपनी जान बचाई। मंडी में बहुत सारा धान रखा हुआ है, अगर जल्द उठाव नहीं हुआ तो भारी नुकसान हो सकता है। घटना के बाद मंडी प्रबंधक की चिंता दोगुनी हो गई है। खुले में पड़े हजारों क्विंटल धान की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
वन विभाग ने घटना को गंभीरता से लेते हुए अलर्ट जारी कर दिया है और लोगों को रात में मंडी की ओर जाने से मना किया गया है। साथ ही हाथी की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
हालांकि, सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि 30 हजार क्विंटल धान की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जाएगी, जब मंडी खुले क्षेत्र में स्थित है और जंगली हाथियों का खतरा लगातार बना हुआ है।
अब किसान और मंडी प्रबंधन सरकार एवं प्रशासन से जल्द धान उठाव और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं, ताकि किसानों की मेहनत पर पानी न फिर जाए।

Share This Article