हाई स्पीड ट्रेन से आज होगा चौथी लाइन का निरीक्षण

कोतरलिया-रायगढ़-किरोड़ीमल नगर-भूपदेवपुर रेलवे ट्रैक पर दौड़ेगी परीक्षण ट्रेन

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़ इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास एवं ट्रेनों के सुरक्षित तथा सुचारु परिचालन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल अंतर्गत नई रेल लाइनों, दोहरीकरण, तृतीय एवं चतुर्थ रेल लाइन के कार्य व्यापक स्तर पर प्रगति पर हैं। इसी क्रम में बिलासपुर-झारसुगुड़ा रेल खंड के मध्य लगभग 206 किलोमीटर लंबी विद्युतीकृत चौथी रेल लाइन का निर्माण कार्य चरणबद्ध रूप से किया जा रहा है।
इस परियोजना के अंतर्गत कोतरलिया-रायगढ़-किरोड़ीमल नगर-भूपदेवपुर स्टेशनों के मध्य 26.1 किलोमीटर लंबी विद्युतीकृत नई चौथी लाइन का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इंटरलॉकिंग सहित समस्त तकनीकी कार्यों की पूर्णता के पश्चात् दक्षिण पूर्व सर्किल के आयुक्त, रेलवे सेफ्टी बी.के. मिश्रा द्वारा दिनांक 29 एवं 30 जनवरी 2026 को इस नई चौथी लाइन का निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान संबंधित स्टेशनों के केबिन, पैनल रूम, यार्ड, इंटरलॉकिंग व्यवस्था, क्रॉसिंग, प्वाइंट, ओएचई लाइन, ब्रिज, सिग्नलिंग उपकरणों का गहन परीक्षण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त मोटर ट्रॉली के माध्यम से भी निरीक्षण संपन्न किया जाएगा।
दिनांक 30 जनवरी 2026 को इस खंड में ओएमएस कोच के साथ हाई-स्पीड ट्रेन चलाकर स्पीड ट्रायल भी किया जाएगा, जिससे लाइन की संरक्षा, स्थिरता एवं परिचालन क्षमता का परीक्षण किया जा सके। रेलवे प्रशासन द्वारा आम जनता से सुरक्षा एवं संरक्षा की दृष्टि से अपील की जाती है कि निरीक्षण एवं हाई-स्पीड ट्रेन परीक्षण की अवधि के दौरान उक्त रेलवे ट्रैक पर किसी भी प्रकार की आवाजाही न करें, रेलवे लाइन के आसपास न आएं तथा अपने मवेशियों को भी रेलवे ट्रैक से दूर रखें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।

Share This Article