रेत की अवैध परिवहन करते 11 वाहन किया गया जब्त

खनिज विभाग की कार्रवाई

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए खनिज विभाग द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 23 एवं 24 दिसंबर को रायगढ़ तथा धरमजयगढ़ क्षेत्र में खनिज परिवहन कर रहे वाहनों की सघन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान खनिज विभाग की टीम द्वारा एक हाईवा वाहन को अवैध रूप से खनिज चूनापत्थर का परिवहन करते हुए पकड़ा गया। इसके अलावा 10 ट्रैक्टर खनिज रेत तथा 1 ट्रैक्टर खनिज बोल्डर का अवैध परिवहन करते पाए गए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कुल 11 वाहनों को जब्त कर रैरूमाखुर्द चौकी, थाना-धरमजयगढ़ तथा कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षार्थ रखा गया है। जिला खनिज अधिकारी श्री सोनी ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर जिले में खनिज के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर जांच की कार्यवाही चल रही है। अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त वाहन मालिकों एवं संबंधितों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के नियम 71 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 एवं 23(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई है। खनिज विभाग द्वारा नियमानुसार आगे की कार्यवाही भी की जा रही है। इस कार्रवाई में खनिज निरीक्षक सोमेश्वर सिन्हा सहित जिला खनिज अमले की सक्रिय भूमिका रही। विभागीय टीम द्वारा क्षेत्र में लगातार निगरानी रखते हुए अवैध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article