शादी का झांसा देकर किशोरी से किया था दुष्कर्म

बालिग होने पर शादी से किया इनकार, आरोपी गिरफ्तार

Gupta Lochan
3 Min Read

रायगढ़। जिले में एक नाबालिग लडक़ी के साथ युवक ने दुष्कर्म किया। युवक पहले लडक़ी से दोस्ती की और शादी का झांसा देकर उससे दुष्कर्म किया। जब पीडि़ता बालिग हुई, तो युवक ने शादी से इनकार कर दिया। घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, 18 साल की युवती ने महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई है। युवती की शिकायत के मुताबिक, करीब 5 साल पहले पीडि़ता की कोतरा रोड, सोनिया नगर के रहने वाले निरंजन शर्मा (22) से मोबाइल के जरिए पहचान हुई थी। तब निरंजन अक्सर पीडि़त को फोन करता था। शुरू में वह निरंजन के फोन को रिसीव नहीं करती थी, लेकिन बार-बार फोन करने की वजह से धीरे-धीरे उनकी बातचीत होने लगी। निरंजन अक्सर मिलने के लिए उसके गांव आता था। साल 2023 के जून में जब पीडि़ता कक्षा 11 की पढ़ाई के लिए ग्राम लाखा गई थी। तब निरंजन उससे मिलने के लिए ग्राम लाखा आया और पीडि़ता को बहला-फुसलाकर जंगल के अंदर ले जाकर उससे शारीरिक संबंध बनाने के लिए कहने लगा। पीडि़ता ने नाबालिग होने का हवाला दिया, तो निरजंन ने बालिग होने पर शादी करने का वादा किया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद निरंजन ने युवती के साथ कई बार दुष्कर्म किया और आखिरी बार 27 अगस्त 2025 को सारंगढ़ बस स्टैंड के पास सुनसान जगह पर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया।
दीपावली से कुछ दिन पहले पीडि़ता ने निरंजन को बताया कि अब वह बालिग हो गई है और शादी करना चाहती है। लेकिन निरंजन ने यह कहकर शादी से इनकार कर दिया कि वे अलग जाति के हैं। पीडि़ता ने कई बार शादी के लिए कहा, लेकिन निरंजन ने मना कर दिया। इसके बाद पीडि़ता ने महिला थाना में इसकी शिकायत दर्ज कराई।
आरोपी जेल दाखिल
जांच के बाद मामले में आरोपी के खिलाफ अपराध करते हुए बुधवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। जिसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया गया है।

Share This Article