मनरेगा से आई परसन के खेतों में हरियाली

आय में बढ़ोतरी और आत्मनिर्भरता की नई राह बनी सिदार की कड़ी मेहनत

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। जिले के लैलूंगा विकासखंड के सुबरा ग्राम पंचायत के किसान परसन सिदार के जीवन में मनरेगा ने नई उम्मीदें जगा दी हैं। कभी पानी की गंभीर कमी से जूझने वाले परसन के खेत आज हरियाली से भर चुके हैं। जहां पहले गर्मी के दिनों में खेत सूख जाते थे और घरेलू पानी तक का संकट खड़ा हो जाता था, वहीं अब उनके खेतों में सालभर फसलें लहलहा रही हैं।
परसन सिदार के खेत में सिंचाई की कोई व्यवस्था नहीं थी। वर्षा आधारित खेती के कारण उत्पादन सीमित रहता और अक्सर नुकसान भी उठाना पड़ता था। इसी बीच मनरेगा के तहत 2 लाख 81 हजार रुपए की लागत से दिसंबर 2022 से अगस्त 2023 तक निजी कुएं का निर्माण कराया गया। कुआं बनते ही उनके खेतों को नई जिंदगी मिल गई। सिंचाई का स्थायी साधन तैयार हो गया और घर में भी पानी की कमी दूर हो गई।
कुएं के पानी का उपयोग कर परसन सिदार अब धान, सब्जी और अन्य फसलों की नियमित खेती कर रहे हैं। इससे उनकी सालाना आय में 40 से 50 हजार रुपए की वृद्धि हुई है। पहले जो खेत गर्मियों में खाली पड़े रहते थे, अब वहां हर मौसम में फसलें तैयार होती हैं। पर्याप्त पानी की उपलब्धता से खेती में स्थायित्व आया है और घरेलू जरूरतें भी पूरी हो रही हैं।
परसन सिदार उत्साहपूर्वक बताते हैं कि मनरेगा ने हमारे जीवन में नई रोशनी भर दी है। पानी मिला तो हमारा खेत बचा, खेती बढ़ी और आत्मविश्वास भी कई गुना बढ़ गया। उनकी सफलता अब गांव के अन्य किसानों के लिए प्रेरणा बन गई है।

Share This Article