नवमी पर देवी मंदिरों में महागौरी की अराधना के साथ हुआ कन्या भोज

शहर में सुबह से देर शाम तक जगह-जगह चलता रहा महाभंडारा

Gupta Lochan
4 Min Read

रायगढ़। शारदीय नवरात्र के नवें दिन देवी मंदिरों सहित घरों में माता महागौरी की पूजा-अर्चना के साथ कन्या भोज का भी आयोजन किया गया। जिसको लेकर अंचल के देवी मंदिरों में बड़ी संख्या में भक्तों की भीड़ लगी रही। इसके साथ शहर में जगह-जगह महाभंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें भक्तों ने बढ़ चढ़ कर भाग लिया।
उल्लेखनीय है कि नवरात्र के नवमी पर्व पर शहर सहित अंचल के देवी मंदिरों में सुबह से भक्त मां गौरी की अराधना के लिए पहुंचे थे, जिससे पूरे दिन पूजा-पाठ व हवन का दौर चलता रहा। साथ ही नव दिनों तक व्रत रखने वाले भक्तों द्वारा पूजा-पाठ के बाद नवकन्या भोज का भी आयोजन किया गया। इस संबंध में पूज्य मां गुरु अघोर शक्ति पीठ भगवानपुर आश्रम के पुजारी पंडित राजकुमार चौबे ने बताया कि बुधवार को महानवमी पर्व पर सुबह से ही माता के उपासक माता महागौरी की अराधना में जुट गए थे, जिससे अंचल के सभी देवी मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा, वहीं पंडित चौबे ने बताया कि मान्यता के अनुसार जो भक्त माता गौरी की तन-मन से पूजन करते हैं, उनकी मनोकामनाएं जल्द पूरी होती है, हालांकि साल में दो बार नवरात्र पर्व आता है, जिसमें भक्त माता का ध्यान करके कई सिद्धियां भी प्राप्त करते हैं। साथ ही महात्माओं की मनोकामना को पूर्ण करने वाली, भक्तों की समस्यायों से छुटकारा दिलाने वाली महादेव जी की प्यारी महागौरी हैं। इनके दर्शन मात्र से ही कई समस्याओं का निराकरण होता है, यही वजह है कि नवरात्र के दिनों में माता के नौ दिनों तक अलग-अलग रूपों की पूजा की जाती है। ऐसे में बुधवार को शहर के प्रसिद्ध बुढ़ी माई मंदिर, राजापारा स्थित समलाई माता मंदिर, समलेश्वरी मंदिर, अनाथालय स्थित दुर्गा मंदिर व केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड स्थित दुर्गा मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ लगी थी।
जगह-जगह लगा भंडारा
नवरात्र के अंतिम दिन शहर के देवी मंदिरों में कन्याभोज के साथ महाभंडारे का आयोजन किया गया, इस दौरान शहर के गोगा मंदिर, अत्तरमुड़ा टीवी टावर दुर्गा समिति, सावंडिय़ा विल्डिंग परिसर सहित अन्य जगह महाभंडारे का आयोजन किया गया था। वहीं उक्त महाभंडारे में बफर सिस्टम से लोगों को भोजन कराया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर माता का प्रसाद ग्रहण किया। इसके साथ ही घर-घर में भक्तों द्वारा कन्या भोज का आयोजन किया गया था, साथ ही कई लोगों द्वारा मंगलवार को भी कन्या भोज कराया गया, क्योंकि इस बार 10 दिनों का नवरात्र होने के कारण लोग अपने सहुलियत के अनुसार पूजा-पाठ व कन्या भोज कराया है।

कन्या भोज का भी हुआ आयोजन

बुधवार को महानवमी पर्व पर कई उपासकों द्वारा कन्या भोज का भी आयोजन किया गया। इस दौरान लोग सुबह से कन्याओं को अपने घर लाने की जुगत में लग गए थे, जिससे कन्या भोज का दौर शाम तक चलता रहा। वहीं देवी मंदिरों में भी दोपहर को कन्या भोज कराया गया। बताया जाता है कि नौ दिनों तक माता के उपासक व्रत तोडऩे से पहले नवकन्याओं का भोजन कराते है, इसके बाद भी व्रत तोड़ते है, ऐसा करने से उनकी मनोकामना पूर्ण होती है, इसी मान्यता के कारण नवरात्र के अंतिम दिन जगह-जगह कन्या भोज का आयोजन किया जाता है। वहीं भगवानपुर स्थित पूज्य मां गुरु अघोर शक्ति पीठ आश्रम के पुजारी पंडित राजकुमार चौबे ने बताया कि महानवमी पर मंदिर में सुबह पूरे मंत्रोच्चारण के साथ हवन-पूजन किया गया, इसके बाद नव कन्या भोज हुआ फिर महाभंडारे का आयोजन किया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।

Share This Article