भव्य व आकर्षक पंडालों में विराजी जगतजननी मां दुर्गा की प्रतिमा

बद्रीनाथ, लालकिला और नालंदा थीम पर सजे पंडाल, मां अंबे की दर्शन करने श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। नवरात्रि की सप्तमी पर दुर्गा पंडालों में माता दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई। इसके बाद शाम होते ही पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमडऩे लगी। लोगों ने माता के दर्शन किए और पूजा-पाठ किया। पूरे शहर का माहौल भक्तिमय हो गया है।
शारदीय नवरात्रि शुरू होते ही देवी मंदिरों में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की जा रही है। मंदिरों में श्रद्धालुओं ने मनोकामना दीप भी जलाए हैं। वहीं, हर साल की तरह इस बार भी शहर में जगह-जगह छोटे-बड़े भव्य दुर्गा पंडाल बनाए गए हैं, जहां सप्तमी से माता की प्रतिमा स्थापित की गई।
इसके बाद शाम को बड़ी संख्या में लोग पंडालों में पहुंचे। श्रद्धालुओं ने माता के सामने हाथ जोडक़र अपनी मनोकामनाएं मांगी और विधि-विधान से पूजा की। सिर्फ शहर ही नहीं, बल्कि आसपास के गांवों से भी लोग दर्शन करने पहुंचे थे।
शहर में दुर्गा पंडालों के आसपास सुंदर और रंग-बिरंगी सजावट की गई है। कई जगहों पर पंडाल बनाए गए हैं, जिनके चारों ओर लाइट और झालरों से खूब सुंदर सजावट की गई है। दुर्गा समिति के सदस्यों ने सजावट पर खास ध्यान दिया है ताकि श्रद्धालु पंडालों की ओर आकर्षित हों। चमकदार लाइटों से शहर की गलियां और सडक़ें रोशन हो गई हैं।

बद्रीनाथ मंदिर, लालकिला और नालंदा थीम पर पंडाल

शहर के चक्रधर नगर चौक में बद्रीनाथ मंदिर की थीम पर सुंदर पंडाल बनाया गया है, जो लोगों को खूब पसंद आ रहा है। वहीं, दक्षिण चक्रधर नगर में लालकिला की थीम पर पंडाल तैयार किया गया है और उसके पास इंडिया गेट भी बनाया गया है। यहां ‘ऑपरेशन सिंदुर’ नाम से एक प्रोजेक्ट भी दिखाया जाएगा। इसके अलावा युवक संघ दुर्गा समिति ने नालंदा विश्वविद्यालय की थीम पर पंडाल बनाया है। यह पंडाल देखने में भले ही साधारण लगे, लेकिन बहुत आकर्षक लग रहा है।

Share This Article