हाथियों ने 3 मकानों में की तोडफ़ोड़, 9 किसानों की फसल को भी किया बर्बाद

जिले में 187 गजराज कर रहे विचरण

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। हाथियों के मूवमेंट से लोगों में दहशत का माहौल है। लैलूंगा रेंज में हाथियों के दल ने 3 कच्चे मकानों को तोड़ दिया। साथ ही 9 किसानों के फसल को रौंद कर बर्बाद कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, धरमजयगढ़ वन मंडल के लैलूंगा रेंज के जंगल से 27 हाथियों का दल बैगिनझरिया गांव के करीब पहुंच गया है। रविवार की रात हाथियों ने दयाराम मांझी, मयाराम मांझी, परमीन मांझी के कच्चे मकानों में तोडफ़ोड़ कर बोरे में रखे धान खा गए। जबकि घर में रखे कुछ घरेलू सामानों को भी नुकसान पहुंचा है। ग्रामीणों को हाथियों के आने की जानकारी हुई तो सभी घरों से बाहर निकल गए। मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जिसके बाद वनकर्मी और ग्रामीणों ने हाथियों को जंगल की ओर भगाने के लिए हो-हल्ला शुरू कर दिया। इस दौरान हाथियों ने 9 किसानों के फसल को भी बर्बाद कर दिया। इससे कुछ देर बाद हाथियों का दल वापस जंगल की ओर चले गया।
रायगढ़ वन मंडल में 187 हाथी
जिले के जंगल में 187 हाथी अलग-अलग जंगलों में विचरण कर रहे हैं। धरमजयगढ़ वन मंडल की बात करें तो 127 हाथी अलग-अलग रेंज में विचरण कर रहे हैं। जिसमें लैलूंगा रेंज में सर्वाधिक 61 हाथी, छाल में 22, बोरो में 13, कापू में 13, बाकारूमा में 11 के अलावा धरमजयगढ़ में 7 हाथियों की मौजूदगी है। इसके अलावा रायगढ़ वन मंडल में 60 हाथी हैं। जिसमें घरघोड़ा रेंज में 28, रायगढ़ में 22 के अलावा तमनार रेंज में 10 हाथियों की मौजूदगी है।
हाथियों के मुवमेंट पर नजर रख रहे
लैलूंगा सब डिवीजन के एसडीओ एमएल सिदार ने बताया कि हाथियों ने 3 मकानों को और 9 किसानों के फसल को नुकसान किया है। जिसका आकलन विभाग कर रहा है। इसके अलावा लैलूंगा सब डिवीजन क्षेत्र में 61 हाथी विचरण कर रहे हैं। उनके मूवमेंट पर लगातार नजर रखा जा रहा है। साथ ही गांव-गांव में मुनादी भी कराई जा रही है।

Share This Article