40 नाबालिग वाहन चलाते पकड़ाए

अभिभावकों को थाने बुलाकर काटा गया चालान

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। आगामी होली पर्व को ध्यान में रखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन पर जिले में नाबालिग बच्चों द्वारा वाहन चलाने, तेज एवं फर्राटेदार वाहन चलाने वाले तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कल नगर पुलिस अधीक्षक रायगढ़ मयंक मिश्रा के नेतृत्व में कोतवाली, चक्रधरनगर और जूटमिल थाना क्षेत्रों के प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस टीम द्वारा सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान 40 नाबालिग वाहन चालकों को वाहन चलाते हुए पकड़ा गया, जिनके अभिभावकों को थाने बुलाकर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रत्येक के विरुद्ध 1000-1000 रुपए का चालान किया गया। साथ ही अभिभावकों को कड़ी हिदायत दी गई कि भविष्य में उनके बच्चे दोबारा वाहन चलाते पाए जाने पर वाहन की जब्ती के साथ अभिभावकों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन एवं एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन पर नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा एवं यातायात डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में शहर में तेज गति से वाहन चलाने वाले, बाइकर गैंग तथा मॉडिफाइड सायलेंसर लगाकर पटाखे जैसी आवाज निकालने वाले वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस द्वारा ऐसे वाहन चालकों की पहचान कर उनके विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है, ताकि शहर में कानून-व्यवस्था एवं यातायात सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Share This Article