अलग-अलग सडक़ हादसों में 4 की मौत

Gupta Lochan
4 Min Read

रायगढ़। जिले में अलग-अलग जगहों पर हुई घटनाओं में 4 लोगों की मौत हो गई है। इनमें सडक़ हादसे और एक दुर्घटना शामिल है। घटनाओं की जानकारी मिलते ही संबंधित थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पहला मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। तमनार क्षेत्र के ग्राम कसडोल का रहने वाला समीर साहू (22 वर्ष) बुधवार को किसी काम से रायगढ़ आया हुआ था। काम निपटाने के बाद वह शाम करीब 7:30 बजे अपनी बाइक से वापस लौट रहा था। इसी दौरान लाखा के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही समीर सडक़ पर गिर गया और पीछे से आ रहे भारी वाहन के पहियों के नीचे आ गया, जिससे उसका सिर कुचल गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा।
अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत
दूसरी घटना चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है। बंगुरसिया गांव का रहने वाला आकाश सिदार (25 वर्ष) बुधवार शाम करीब 6 बजे बाइक से रायगढ़ से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और अज्ञात वाहन चालक की तलाश करते हुए जांच शुरू कर दी है।
जेसीबी वाहन की चपेट में आया ग्रामीण
वहीं तीसरी घटना भूपदेवपुर थाना क्षेत्र का है। यहां ग्राम देवरी का रहने वाला घासीराम नवरंग (40 वर्ष) सुबह करीब 5:30 बजे अपने घर के बाहर रेत में बैठा हुआ था। इसी दौरान वहां से एक जेसीबी वाहन गुजर रहा था। जेसीबी चालक घासीराम को देख नहीं पाया और वह उसकी चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
ट्रैक्टर के पहियों के नीचे आई किशोरी
चौथा मामला धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र का है। यहां खम्हार गांव की रहने वाली वृंदावती अगरिया (14 वर्ष), पुटुकछार निवासी राजू मिंज के ट्रैक्टर में बैठकर अपने घर जा रही थी। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर चालक राजू मिंज तेज और लापरवाही से वाहन चला रहा था। इसी दौरान फूलखोचापारा पुल के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया, जिससे वृंदावती नीचे गिर पड़ी। गिरने के बाद ट्रैक्टर का पहिया उसके ऊपर चढ़ गया। इस हादसे में वृंदावती के सिर, चेहरे और कंधे में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक राजू मिंज के खिलाफ धारा 106(1)-बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Share This Article