कलेक्टर ने विद्यार्थियों को दिया लक्ष्य, अनुशासन और आत्मविश्वास का मंत्र

90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों हेतु तीन दिवसीय विशेष कोचिंग शिविर

Gupta Lochan
3 Min Read

रायगढ़। जिला कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के नेतृत्व में तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत रायगढ़ श्री अभिजीत बबन पठारे के सहयोग एवं जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. के. व्ही. राव के मार्गदर्शन में रायगढ़ जिले के कक्षा 10वीं एवं 12वीं के उन प्रतिभावान विद्यार्थियों के लिए, जिन्होंने छमाही परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं, तीन दिवसीय विशेष आवासीय कोचिंग शिविर का आयोजन 05 से 07 जनवरी 2026 तक पंचायत सचिव एवं प्रशिक्षण संस्थान, रायगढ़ में किया जा रहा है।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों से कहा कि सफलता का मूल मंत्र निरंतरता, अनुशासन और आत्मविश्वास है।उन्होंने कहा कि पढ़ाई को बोझ नहीं बल्कि आनंद के रूप में लें, समय प्रबंधन को अपनी दिनचर्या में शामिल करें और अपने लक्ष्य तक पहुँचने की तीव्र भूख अपने भीतर पैदा करें।उन्होंने उदाहरणों के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया कि असफलताएँ भी सफलता की ओर ले जाने वाला महत्वपूर्ण अनुभव होती हैं।प्रथम दिवस पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत रायगढ़ श्री अभिजीत वबन पठारे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रतिभा तभी निखरती है जब उसे सही दिशा, निरंतर अभ्यास और सकारात्मक वातावरण मिलता है।उन्होंने विद्यार्थियों को तनावमुक्त होकर परीक्षा की तैयारी करने, उत्तर लेखन में स्पष्टता रखने तथा समय का संतुलित उपयोग करने की सलाह दी।जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. के. व्ही. राव ने अपने विशेष एवं व्यावहारिक उद्बोधन में स्वयं चॉक पकडक़र क्लास लेते हुए विद्यार्थियों के भौतिकी विषय के डाउट्स का समाधान किया। उन्होंने परीक्षा के ब्लूप्रिंट पर विशेष फोकस करते हुए यह विस्तार से बताया कि किस अध्याय से कितने अंक निर्धारित हैं, प्रश्नों का चयन कैसे करें तथा भौतिकी विषय में अधिकतम अंक कैसे प्राप्त किए जा सकते हैं। डीईओ द्वारा दी गई इस प्रत्यक्ष कक्षा से विद्यार्थियों में विषय के प्रति आत्मविश्वास और स्पष्टता देखने को मिली।
डीएमसी आलोक स्वर्णकार ने अपने संबोधन में कहा कि परीक्षा में वही सफल होता है जो स्पष्ट, और परीक्षक के दृष्टिकोण से प्रश्नों के जवाब प्रस्तुत करता है । उन्होंने विशेष रूप से भौतिक विज्ञान विषय में सूत्रों की सही प्रस्तुति, डायग्राम व ग्राफ के प्रभावी उपयोग, उत्तर संरचना एवं प्रश्न चयन की रणनीति पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। इस कार्यक्रम के संयोजक दिनेश पटेल एवम् रायगढ़ जिले के सातों विकासखंडों के विकासखंड शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी डी. पी. पटेल की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही। सभी अधिकारियों ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन, उत्तर लेखन अभ्यास एवं आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में सम्मिलित होने हेतु प्रोत्साहित किया।इस अवसर पर एपीसी भूपेंद्र पटेल एवं जिला नोडल अधिकारी (छात्रवृत्ति शाखा) एस. के. कर्ण भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को शासन की छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी देते हुए लक्ष्य के प्रति निरंतर समर्पण बनाए रखने का संदेश दिया।

 

Share This Article