2 ट्रेलर कोयले में मिलावट कर चालकों ने की हेराफेरी

जांच में मानक स्तर से कम मिला, जांच शुरू

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। जिले में कोयले में स्लेग और डस्ट मिलाकर हेराफेरी की गई है। आरोप है कि कोरबा के दीपका खदान से दो ट्रेलर ड्राइवर 75,770 मैट्रिक टन कोयला लोड कर निकले और उसमें स्लेग और डस्ट की मिलावट कर दी, जिसका खुलासा जांच में हुआ है।
मामला तमनार थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, आरके ट्रांसपोर्ट एंड कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के सुपरवाइजर दिनेश कुमार चौहान ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वह जिंदल पावर लिमिटेड, तमनार में ट्रांसपोर्ट कार्य में लगे वाहनों की देखरेख करते हैं।
27 और 30 अक्टूबर को दीपका खदान से एक ट्रेलर में 36,490 मैट्रिक टन और दूसरे में 39,280 मैट्रिक टन कोयला लोड कर दोनों ट्रेलर ड्राइवर जिंदल पावर प्लांट के लिए निकले। दोनों गाडिय़ां जेपीएल प्लांट में घुसकर कोयला खाली कर चुकी थीं। 31 अक्टूबर को कंपनी अधिकारियों के औचक निरीक्षण में पता चला कि कोयला मानक स्तर से कम गुणवत्ता का है।
एक ट्रेलर छोडक़र दोनों चालक फरार
स्लेग और डस्ट मिलावट कर कोयला खाली करने के बाद ट्रेलर ड्राइवर सावन और दीपक एक ट्रेलर प्लांट में ही छोडक़र फरार हो गए। इसके बाद सुपरवाइजर दिनेश चौहान ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 3(5) बीएनएस और 316(3) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Share This Article