उड़ीसा से बिना दस्तावेज धान ला रही पिकअप जब्त, पुसौर पुलिस ने की कार्रवाई

Gupta Lochan
1 Min Read

रायगढ़। पुसौर थाना क्षेत्र में रविवार 23 नवंबर की शाम पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान उड़ीसा से अवैध रूप से धान लाकर छत्तीसगढ़ में बेचने की कोशिश का मामला पकड़ा गया। थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में ग्राम नावापारा चौक पर उड़ीसा रोड की ओर से आ रही पिकअप वाहन क्रमांक ओडी 23 जी 2451 को रोककर जांच की गई, जिसमें 65 बोरी धान लोड पाया गया।
वाहन चालक सुमतो डहरिया (28 वर्ष), निवासी देहरीडीपा थाना रेंगाली, जिला झारसुगुड़ा (उड़ीसा) ने पूछताछ में धान को उड़ीसा प्रांत का होना स्वीकार किया तथा छत्तीसगढ़ के कृषि उपज मंडी में बेचने हेतु धान परिवहन करना बताया। चालक को नोटिस देकर धान से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने कहा गया, लेकिन उसके पास कोई वैध कागजात नहीं मिले।
दस्तावेज न होने पर पुसौर पुलिस ने धारा 106 बी.एन.एस.एस. के तहत पिकअप वाहन एवं 65 कट्टा धान जब्त कर आवश्यक कार्रवाई हेतु मंडी अधिकारी को सूचना दी। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, प्रधान आरक्षक योगेश उपाध्याय एवं हमराह स्टाफ शामिल रहे।

Share This Article