फिर एक नवविवाहिता दहेज प्रताडऩा की हुई शिकार

बाईक की मांग कर करते थे प्रताडि़त, दादी सास व चाची ने दवा खिलाकर करा दिया गर्भपात, एफआईआर दर्ज

Gupta Lochan
3 Min Read

रायगढ़। जिले में महिला ने अपने पति, दादी सास और चाची पर दहेज प्रताडऩा का आरोप लगाया है। उसने आरोप लगाया ससुराल वाले दहेज में मोटरसाइकिल न लाने पर ताने मारते थे। जब वह प्रेग्नेंट हुई, तो परिवार वालों ने उसे दवा खिलाकर जबरन अबॉर्शन करा दिया। ससुराल वालों की लगातार प्रताडऩा से तंग आकर महिला की शिकायत के बाद जोबी चौकी में एफआईआर दर्ज कर ली है। सरोज राठिया खरसिया ब्लॉक के ग्राम बर्रा की रहने वाली है। उसने जोबी चौकी में दर्ज शिकायत में बताया कि उसकी शादी नवापारा टेंडा के प्रेम कुमार राठिया से 12 मार्च 2023 को सामाजिक रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के बाद ससुराल में दादी सास कमला बाई और चाची सुरेखा राठिया भी रहती थी। शादी के समय उनके माता-पिता ने अपनी इच्छा से सोने-चांदी के जेवर, पलंग, सोफा सेट, ड्रेसिंग टेबल, एलईडी टीवी, फ्रिज, कूलर, पंखा, साइकिल, बर्तन और अन्य सामान उपहार में दिए थे। शादी के शुरुआती कुछ दिन सब ठीक रहे, लेकिन बाद में पति प्रेम कुमार, उसकी दादी सास और चाची दहेज में मोटरसाइकिल न लाने पर उसे ताने देने और झगड़ा करने लगे। पति अक्सर मुझसे अपने बाप के घर से मोटरसाइकिल लेकर आओ कहकर गाली-गलौज और मारपीट भी करते।
सरोज ने बताया कि वह सब कुछ सहती रही। इसी बीच जब वह प्रेग्नेंट हुई, तो दिसंबर 2023 में उसके पति, दादी और चाची ने मिलकर जबरन दवा खिलाकर उसका गर्भपात करा दिया। दवा खिलाने के बाद महिला की तबीयत बिगड़ गई, लेकिन उसके पति ने न तो इलाज कराया और न ही डॉक्टर के पास ले गया। तब महिला ने अपने मायके वालों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद उसके पिता ससुराल पहुंचे और बेटी को अपने साथ ले जाकर उसका इलाज कराया। जब सरोज की तबीयत में सुधार हुआ, तो उसने अपने पति प्रेम कुमार को फोन करके कहा कि वह उसे लेने आ जाए। इस पर पति प्रेम कुमार ने साफ कहा कि जब तक तुम्हारा बाप दहेज में मुझे मोटरसाइकिल नहीं देगा तब तक मैं तुझे अपने घर नहीं ले जाऊंगा और तुझे पत्नी के रूप में नहीं अपनाऊंगा। काफी समय बीत जाने के बाद भी पति उसे लेने नहीं आया, तो सरोज ने जोबी चौकी में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच की और आरोप सही पाए जाने पर पति प्रेम कुमार, दादी सास कमला बाई और चाची सास सुरेखा राठिया के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ अपराध कायम कर जांच शुरू कर दी है।

Share This Article