प्लांट से घर लौट रहे युवक की सडक़-हादसे में मौत

अज्ञात वाहन ने मारी जबरदस्त टक्कर, सिर और चेहरे पर आई गंभीर चोटें

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। जिले में एक बार फिर सडक़ हादसे में एक युवक की जान चली गई। युवक प्लांट से काम खत्म कर घर लौट रहा था, तभी रास्ते में अज्ञात वाहन ने उसे जबरदस्त टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना पूंजीपथरा थाना क्षेत्र की है।
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की रात ग्राम गेरवानी-सरायपाली के बीच स्थित मां काली प्लांट के पास सडक़ किनारे एक युवक खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे और वह मौके पर ही मृत था। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान बिहार के वैशाली जिले के ग्राम बोरीगामा निवासी विरेंद्र कुमार के रूप में हुई।

खराब सडक़ बन रही हादसों की वजह

स्थानीय लोगों ने बताया कि, इस सडक़ की हालत लंबे समय से बेहद खराब है। गड्ढों और टूटे हुए हिस्सों के कारण आए दिन यहां हादसे हो रहे हैं। कुछ समय पहले ही ग्रामीणों ने सडक़ निर्माण की मांग को लेकर चक्काजाम किया था। उस समय प्रशासन ने सुधार का आश्वासन देकर आंदोलन खत्म कराया था, लेकिन अब तक सडक़ की मरम्मत नहीं हो पाई है।

एनआर इस्पात में फिटर के पद पर कर रहा था काम

पुलिस के अनुसार, विरेंद्र कुमार एनआर इस्पात प्लांट में फिटर के पद पर कार्यरत था। देलारी गांव में किराए पर रह रहा था। सोमवार को वह सुबह काम पर गया था। रात में घर लौटते समय यह हादसा हो गया।किसी अज्ञात वाहन ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मारी। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Share This Article